जालंधर| मेयर जगदीश राज राजा कमिश्नर डाॅ. बसंत गर्ग से नाराज हो गए हैं। मेयर ने कमिश्नर को लेटर लिख कर स्ट्रीट लाइट्स, बिजली लोड, क्वार्टरों की डिटेल मांगी थी लेकिन मेयर को जवाब नहीं दिया। इससे नाराज होकर मेयर ने कमिश्नर काे लेटर लिख कर तीन दिन में डिटेल मांगी है।
मेयर ने यह भी लिखा है कि पहले भी लेटर लिख कर जारी मांगी गई थी लेकिन डिटेल नहीं दी गई। अब दोबारा जानकारी मांगी गई है और इसे तीन दिन में मुहैया करवाया जाए। मेयर जगदीश राज राजा ने कहा कि कमिश्नर से इस बारे में बात हो गई है। जहां स्ट्रीट लाइट्स खराब हैं उसके लिए ठेकेदार को पेनल्टी लगाई जाए। मेयर ने कहा कि जनता ने जो काम दिया है, वही कर रहे हैं। लेटर लिखने में कुछ भी गड़बड़ नहीं है।
मेयर ने पार्क, ग्रीन बेल्ट, फव्वारों की डिटेल मांगी
1. मेयर ने लेटर में कहा है कि सिटी में उन सभी पार्कों, ग्रीन बेल्ट की डिटेल दी जाए जहां फव्वारे लगे हैं। इनमें से कितने फव्वारे चल रहे हैं और कितने बंद हैं। इनके लिए बिजली का कितना लोड लिया गया है और कितने लोड की जरूरत है। बिजली का कितना बिल आ रहा है।
2. जोन लेवल पर ट्यूबवेल की गिनती और इंस्टाल करने का समय। ट्यूबवेल के लिए बिजली का कितना लोड लिया गया है। कितनी मोटर लगी हैं। हर महीने कितना बिल आता है। हर ट्यूबवेल की अलग-अलग बिल डिटेल मांगी है। मेयर ने पूछा है कि लोड कितना कम हो सकता है।
3. स्ट्रीट लाइट्स को ऑन-ऑफ करने का समय भी सख्ती से तय करने के लिए कहा है। शाम को 7.30 लाइट्स ऑन की जाएं और सुबह 5 बजे लाइट्स बंद कर दी जाएं। स्ट्रीट लाइट्स को लेकर काफी शिकायतें हैं। वार्ड नंबर 24, 48 और 49 से शिकायतें आई हैं। मेयर ने खुद भी कुछ वार्ड विजिट किए हैं। इसी इशू पर मेयर ने नाराजगी जताई है कि पहले भी रिपोर्ट मांगी गई थी लेकिन अभी तक जवाब नहीं मिला इसलिए यह हिदायत है कि 3 दिन में रिपोर्ट दें।
4. मेयर ने ग्रीन बेल्ट और पार्कों की डेवलपमेंट के लिए जिन कंपनियों से करार किया है उसकी रिपोर्ट मांगी है। जिस कंपनी से एग्रीमेंट किया वह साइट पर अपने एड बोर्ड लगा सकती है लेकिन किसी दूसरी कंपनियों के बोर्ड लगाए गए हैं। मेयर ने ऐसे सभी बोर्ड उतारने के निर्देश दिए हैं। नए एग्रीमेंट में यह शर्त शामिल की जाएंगी।