फगवाड़ा मामला : 4 आरोपी अरेस्ट, इंटरनेट बैन आज शाम तक बढ़ाया
फगवाड़ा में शुक्रवार रात दाे पक्षों में हुई झड़प के बाद नामजद किए गए 30 में से चार आरोपियों को रविवार को अरेस्ट कर लिया गया। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दूसरी तरफ रविवार को शहर के हालात सामान्य रहे, लेकिन तनाव की स्थिति बनी रही। एहतियात के तौर पर सरकार ने मोबाइल इंटरनेट-एसएमएस पर पाबंदी सोमवार शाम तक बढ़ा दी है। शहर के कई हिस्सों में सुरक्षाबलों ने फ्लैग मार्च किया। इलाके में बीएसएफ, आरएएफ, एआरपी के दो हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। हालात के मद्देनजर जालंधर, कपूरथला, नवांशहर और हाेशियारपुर में मोबाइल इंटरनेट व एसएमएस सर्विस पर बैन सोमवार शाम तक बढ़ा दिया गया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अफवाहें फैलने से रोकने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है। हालात के हिसाब से इसे घटाया-बढ़ाया जा सकता है।
घटना में जख्मी युवक सीरियस
लुधियाना | फगवाड़ा में जख्मी बॉबी (19) का इलाज डीएमसी में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। फगवाड़ा के बांसा वाला मोहल्ले के बॉबी के पिता लाडी के अनुसार उसकी सेहत को लेकर डॉक्टर स्थिति स्पष्ट ही नहीं कर रहे हैं। बॉबी आॅस्ट्रेलिया जाने के लिए आइलेट्स कर रहा था। शुक्रवार रात वह दोस्त के बुलाने पर गया था, करीब एक घंटे बाद पता चला कि गोल चौक में हुए झगड़े में उसके सिर में गोली लगी है।