डेढ़ मरला प्रॉपर्टी की दो लोगों के नाम रजिस्ट्री, नोटिस
एसडीएम दफ्तर में हरनामदासपुरा स्थित डेढ़ मरला प्रॉपर्टी के दो मालिक होने का केस सामने आया है। एसडीएम ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी करके पेश होने के लिए कहा है। दरअसल मामला पहले पुलिस स्टेशन पहुंचा, जहां से पुलिस ने रिसीवर अपॉइंट करवाने के लिए सीआरपीसी के तहत केस एसडीएम के पास भेज दिया। अब एसडीएम ने जवाब दाखिल करने के लिए दोनों पक्षों को नोटिस भेजा है। हरनामदासपुरा के मोहन लाल ने पुलिस को एक शिकायत देकर कहा था कि उनकी डेढ़ मरले में एक प्रॉपर्टी है, जिसमें तीन दुकानें बनी हुई हैं। प्रॉपर्टी उन्होंने हरनामदासपुरा के ही आत्मा सिंह से खरीदी थी।
प्रॉपर्टी लाल लकीर वाले एरिया में आती है और तीनों दुकानों की रजिस्ट्री उन्होंने अपने तीन बेटों के नाम पर करवाई हुई है। फरवरी महीने में सुरजीत कौर नामक एक महिला उनके पास आई, जिसने खुद को प्रॉपर्टी का मालिक बताया। सुरजीत कौर ने इस प्रॉपर्टी की ट्रांसफर डीड अपनी बेटी के नाम पर तहसील-1 से करवाई हुई है। जबकि प्रॉपर्टी के असली मालिक वे हैं।
उनके पास पुरानी रजिस्ट्री भी है, जिसके आधार पर उन्होंने ये प्रॉपर्टी खरीदी थी। ऐसे में ये ट्रांसफर डीड सब रजिस्ट्रार दफ्तर में कैसे दर्ज हुई, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं। वे खुद डीड देखकर हैरान रह गई। इसलिए पुलिस को कंपलेंट दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दस्तावेज चेक कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के पास रजिस्ट्री है लेकिन लाल लकीर की प्रॉपर्टी होने की वजह से रेवेन्यू रिकार्ड में एंट्री नहीं है। इसलिए मामला एसडीएम दफ्तर भेजा गया है।एसडीएम को संबंधित प्रॉपर्टी पर रिसीवर अपॉइंट करने के लिए कहा गया है।
एसडीएम राजीव वर्मा का कहना है कि उन्होंने दोनों पक्षों को नोटिस जारी करके जवाब देने के लिए बुलाया है।