दिलकुशा मार्केट कमेटी (होलसेल कैमिस्ट ऑर्गेनाइजेशन) के चुनाव में प्रधान पद के लिए मुकाबला पुराने प्रतिद्वंदी रहे गोपाल कृष्ण चुघ और रिशु वर्मा में होने जा रहा है। शुक्रवार दोपहर दोनों ने मुख्य चुनाव अधिकारी संजय चोपड़ा से आवेदन पत्र भी ले लिए। चुघ के जनरल सेक्रेटरी के तौर पर निशांत चोपड़ा और वर्मा के जनरल सेक्रेटरी के तौर पर संजीव पुरी चुनाव लड़ रहे हैं। कमेटी के चुनाव सिर्फ प्रधान और जनरल सेक्रेटरी के पदों के लिए ही होते हैं।
पिछले पांच साल से राकेश गुप्ता बतौर प्रधान और रिशु वर्मा जनरल सेक्रेटरी के पद पर तैनात रहे हैं। इससे पहले चुघ भी पांच साल जनरल सेक्रेटरी और लगभग अढ़ाई साल प्रधान रह चुके हैं।
सिर्फ प्रधान और जनरल सेक्रेटरी के पदों के लिए होते हैं कमेटी के चुनाव
पिछले अधिकारियों ने अपने वादे पूरे नहीं किए: चुघ
गोपाल कृष्ण चुघ ने कहा कि पिछली टीम न तो पांच साल में मार्केट के लिए एक टॉयलेट बना पाई और न हर दो महीने में जनरल बॉडी मीटिंग हो पाई। थड़े भी कुछ लोगों के तोड़े गए। प्रधान बनता हूं तो इस पेशे की परेशानियों, रिटेलर्स और कंपनियों के साथ संबंधों को सुधारने के लिए काम करुंगा।
हमने जो भी वादे किए, वह पूरे करके दिखाए : वर्मा
रिशु वर्मा ने बताया कि उन्होंने पिछले चुनाव में जो वादे किए थे वह लगभग सारे पूरे हो चुके हैं। गली और सड़कें नए सिरे से बन चुकी हैं। साउंड सिस्टम भी अच्छे से चल रहा है। दो लाख रुपए के वाटर कूलर भी लगाए गए हैं। अब हमने शौचालय का नींव पत्थर भी रख दिया है और निर्माण शुरू हो गया है।
शराब पिलाने वाले का नामांकन रद्द होगा : चोपड़ा
मुख्य चुनाव अधिकारी संजय चोपड़ा ने बताया कि 21 मई नामांकन पत्र जमा करवाने की आखिरी तारीख है। 22 तक नामांकन वापस ले सकते हैं। चुनाव 27 तारीख को होटल किंग्स में होगा। अगर कोई उम्मीदवार होटल या बार में मार्केट के दुकानदारों को शराब की पार्टी देता है तो नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।