जांच अधिकारी डॉ. तिरलोचन सिंह दो हफ्ते की छुट्टी पर
रिश्वत के गंभीर आरोपों में घिरे एमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. राजकुमार बद्दन के खिलाफ चल रही जांच अब रुक गई है। डॉ. राजकुमार दो हफ्ते की मेडिकल लीव पर चले गए हैं और जांच करने वाले एक डॉक्टर भी छुट्टी पर हैं। शिकायतकर्ता भी सामने नहीं आया है, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. केएस बावा ने बताया कि मामले की जांच सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. तिरलोचन सिंह और डॉ. चनजीव सिंह की टीम कर रही थी। डॉ. तिरलोचन सिंह को किसी जरूरी काम से छुट्टी पर जाना पड़ गया है। उनके आने के बाद ही रिपोर्ट मिलेगी।
बता दें कि डॉ. राजकुमार पैसे लेते हुए कैमरे में कैद हो गए थे। पीड़ित ने पैसे लेते हुए उनकी वीडियो बनाकर वायरल कर दी थी।
वायरल वीडियो में ईएमओ डॉ. राजकुमार 2-2 हजार के नोट गिनते नजर आ रहे हैं
डॉ. राजकुमार अस्पताल में ईएमओ हैं और झगड़े के मामलों में वे मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार करते हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अपना केस तैयार करती है। रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ करने से केस वीक या सॉलिड बनाया जा सकता है। वीडियो में भी आवाज आ रही थी, ‘आपके कारण मैं इतने कम में कर रहा हूं वरना यह काम 25 से 30 से कम नहीं होना था।’ वीडियो में वे 2-2 हजार के नोट गिनते हुए देखे जा सकते हैं। वीडियो के आधार पर एमएस डॉ. बावा ने जांच बिठा दी थी। डॉ. बावा का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई शिकायतकर्ता नहीं आया है। हम शिकायतकर्ता को तीन बार बुलावा भेजेंगे। अगर नहीं आया तो जांच आगे बढ़ा दी जाएगी।