नकोदर/जालंधर| आप के जिला प्रधान जतिंदर सिंह बब्बू नीलकंठ के कांग्रेस जॉइन करने के बाद शिरोमणि अकाली दल ने इतवार को आम आदमी पार्टी को डबल झटका दे दिया। जालंधर कैंट से विधायक का चुनाव लड़कर 25000 से ज्यादा वोट प्राप्त करने वाले एचएस वालिया और शाहकोट के सीनियर नेता कर्नल सीडी सिंह कंबोज को पार्टी में शामिल किया है।
कंबोज शाहकोट से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और पिछले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। वे पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन भी रहे हैं। पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने वालिया को साथियों समेत जालंधर में जबकि सीडी सिंह कंबोज को नकोदर में पार्टी में शामिल किया।
उधर, ट्रक यूनियन भंग करने के विरोध में नकोदर में पंजाब सरकार के खिलाफ हुई रैली में सुखबीर बादल शामिल हुए। ट्रक ऑपरेटरों ने आक्रोश रैली ने कहा कि पंजाब सरकार की नीतियों से ट्रक आपरेटर परेशान हैं।
आम आदमी पार्टी के नेता एचएस वालिया और सीडी कंबोज अकाली दल के हुए
डेमो लैब में मिलेगी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के इस्तेमाल की जानकारी
जालंधर| शाहकोट उप-चुनाव से पहले पोलिंग स्टाफ को निरंतर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सही प्रयोग के बारे में जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने डीएम कार्यालय शाहकोट में प्रशिक्षण कम डेमो लेबोरेट्री स्थापित कर दी है।
डीसी वीके शर्मा ने बताया कि रिहर्सलों के पश्चात भी पोलिंग स्टाफ के मन में कुछ शंका रह जाती हैं। इस कारण मतदान वाले दिन कई बार वोटिंग शुरू होने पर मशीनों के सही ढंग से चालू न होने के कारण समस्या पैदा होती है। यह विश्वसनीय बनाने के लिए कि ऐसी कोई घटना शाहकोट के उप-चुनाव में न घटे इसलिए लैब स्थापित की गई है। अगर किसी चुनाव स्टाफ को वीवीपैट या ईवीएम के इस्तेमाल से संबंधित किसी तरह की कोई शंका है तो वह लेबोरेट्री में जाकर जानकारी ले सकता है।
शाहकोट उप-चुनाव में चार हजार अधिकारी व कर्मचारी होंगे नियुक्त
जालंधर/शाहकोट | शाहकोट उप-चुनाव को अमन और सुरक्षा से पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन ने 4000 अधिकारियों, कर्मचारियों की नियुक्ति की है। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से इस उप-चुनाव के लिए 2000 अधिकारी और कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं और इतने ही अधिकारी और कर्मचारी पुलिस महकमे से भी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ और चुनाव सही ढंग से चलाने के लिए प्रिजाइडिंग अधिकारी समेत 5 मेंबर लगाए जाएंगे। इसके लिए 307 टीमों का गठन किया गया है। जिनमें 1535 अधिकारी, कर्मचारियों को नियुक्त किया गया हैं। चुनाव स्टाफ को लोकतंत्र के बहादुर सिपाही बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके बगैर मतदान करवाना असंभव है।