एजेई और उसके साथी ने बिजली का मीटर लगाने के लिए ली 8 हजार रुपए रिश्वत
सिटी रिपोर्टर | जालंधर/नवांशहर/मुकंदपुर
विजिलेंस की टीम ने एक घर में बिजली का मीटर लगाने की एवज में 8 हजार रुपए रिश्वत लेने वाले मुकंदपुर सब-डिवीजन के एजेई और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। मीटर लगाने के लिए एजेई ने आनाकानी की तो घर के मालिक ने विजिलेंस में शिकायत की। उसके बाद विजिलेंस की टीम ने मंगलवार सुबह एजेई और उसके साथी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
विजिलेंस विभाग के जालंधर के डीएसपी सतपाल और इंस्पेक्टर मनदीप सिंह ने बताया कि गांव गुणाचौर पवनजीत सिंह सिद्धू ने बताया कि वह सुल्तानपुर लोधी में बीपीईओ दफ्तर में जूनियर सहायक हैं। उन्होंने अपने गांव से बाहर बनाए घर में प|ी के नाम पर बिजली का मीटर लगाने को अप्लाई किया था। मीटर अप्लाई करने के बाद एजेई जसविंदर कुमार और उनका साथी जोगा नंद उनके घर आए और पूछा कि मीटर कहां लगाना है। उन्होंने दोनों को मीटर लगाने वाली जगह दिखाई। उसके बाद एजेई जसविंदर कुमार ने उन्हें एस्टीमेट भी दिया, जिसके हिसाब से 48 हजार 300 रुपए सरकारी खजाने में जमा करवा दिए। जब वह दोबारा जसविंदर कुमार के पास गए तो उन्होंने कहा कि जल्द ही मीटर लगा देंगे। कई दिन पावरकाम के लोग मीटर लगाने नहीं आए। उन्होंने दोबारा एजेई से संपर्क किया तो जबाव मिला कि रिश्वत देनी होगी।
गवाहों की मौजूदगी ने एजेई को रंगे हाथों पकड़ा
मंगलवार सुबह विजिलेंस की टीम ने सरकारी गवाह जगजीत सिंह, मनदीप सिंह, अन्य गवाह मनीश सेठ व बलजिंदर सिंह की मौजूदगी में जसविंदर सिंह और जोगा सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की टीम ने एजेई जसविंदर कुमार और जोगा नंद के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।