जालंधर | राम नगर फाटक से कुछ दूर रेलवे ट्रैक पार करते समय वीरवार दोपहर करीब 30 साल के युवक की ट्रेन के नीचे आने से मौत हो गई। दोपहर करीब 12.40 बजे युवक गाजी गुल्ला जाने के लिए रेल ट्रैक पार कर रहा था कि अमृतसर जाने वाली स्वर्ण शताब्दी को देखकर वह घबरा गया और पैर मुड़ने से ट्रैक पर ही गिर गया।
लोको पायलट ने ट्रेन रोकने की कोशिश की लेकिन रफ्तार तेज होने कारण ट्रेन रुक नहीं सकी और युवक के शरीर के टुकड़े हो गए। जीआरपी के एएसआई हीरा सिंह ने बताया कि लोको पायलट द्वारा दिए गए मेमो के मुताबिक युवक ट्रैक पार करते हुए हड़बड़ाहट में ट्रैक पर गिर गया, जिस कारण वह ट्रेन की चपेट में आ गया। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिस कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
जीआरपी ने मौके पर जाकर जांच की।