फिरोजपुर में आईपीएल पर सट्टा गोपाल नगर का बुकी जॉन अरेस्ट
क्राइम रिपोर्टर | जालंधर/फिरोजपुर
गोपाल नगर में रहने वाले बुकी गगन अरोड़ा उर्फ जॉनी को फिरोजपुर के सिटी थाना की पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी करते गिरफ्तार किया है। जॉनी फिरोजपुर के मोहल्ला बावियां में ससुराल घर में अपना नेटवर्क चला रहा था। जॉनी को कोर्ट में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। थाना सिटी में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
हवलदार गुरमेल सिंह ने बताया पुलिस को सोमवार रात इनपुट मिली थी कि आरोपी मोहल्ला बावियां में आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी कर रहा है। पुलिस ने ट्रैप लगाकर रेड की और आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी से 4 मोबाइल फोन, लैपटॉप और पांच हजार रुपए मिले हैं। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने माना कि जालंधर पुलिस की सख्ती को देखते हुए आईपीएल मैच पर ससुराल घर में आकर सट्टेबाजी का धंधा कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के सभी ग्राहक जालंधर के रहने वाले लोग ही हैं। पुलिस बरामद किए गए चारों मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवा रही है ताकि जॉनी के साथ सट्टेबाजी करने वाले ग्राहक ट्रेस किए जा सकें। हवलदार गुरमेल सिंह का कहना है कि जांच में यह पता चला है कि जॉनी ने जालंधर के एक बड़े बुकी के जरिये लाइन ली थी और फिरोजपुर में बैठकर सट्टा चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिससे लाइन ली थी, उस बुकी को ट्रेस करने में जुटी है।