सैलरी नहीं मिलने पर 108 एंबुलेंस मुलाजिमों ने दी हड़ताल की चेतावनी
108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर 15 दिन में उनकी पिछले चार महीने की सैलरी रिलीज नहीं की गई तो वह एक जून से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। जिले में 19 और राज्य में 240 एंबुलेंस हैं जो कि 108 नंबर के तहत 24 घंटे मरीजों के लिए उपलब्ध रहती हैं।
ऐसे में हड़ताल होती है तो सेहत सेवाओं पर विपरीत असर पड़ सकता है। सिविल सर्जन दफ्तर में मंगलवार को 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया।
टेक्नीशियन को दिया मैनेजर का पद
आरोप है कि हरियाणा में 108 एंबुलेंस कर्मियों को हमसे ज्यादा सैलरी दी जा रही है जबकि वहां भी नेशनल हेल्थ मिशन के तहत राज्य को बजट मिल रहा है। प्रधान गुरप्रीत सिंह गुरी ने बताया कि हमसे 12 घंटे काम लिया जा रहा है। एंबुलेंस के टेक्नीशियन को एंबुलेंस मैनेजर का पद दे दिया गया है जो कि मेडिकल एथिक्स के खिलाफ है। अगर 15 दिन में एक्शन नहीं लिया तो हम 1 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। यहां पीआरओ मनप्रीत सिंह, बलजिंदर पड्डा व अन्य मौजूद रहे।