प्रखंड मुख्यालय के दुर्गा मंदिर में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद की बैठक हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के साथ धर्मांतरण, लव जेहाद और गोवंश संरक्षण के मुद्दों पर विमर्श किया गया।
जिलाध्यक्ष कौशलराज सिंहदेव ने कहा कि जिले में धर्मांतरण एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। धर्मांतरण का कोई मुद्दा देखने सुनने में आने पर लोग विहिप को सूचना दें। कहा कि राज्य में धर्मांतरण पर अंकुश लगाने के लिए कानून बना हुआ है। जो इस तरह के कार्य कर रहे हैं उनपर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होगी। ग्रामीणों से जागरूक रहने के लिए कहा गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोग जल, जंगल की रक्षा के लिए जागरूक हों। जंगल लोगों की जीविका से जुड़ा है। लोग इनमें आग नहीं लगाएं। इससे नए पौधे नष्ट हो जाते हैं। मठ मंदिर प्रमुख भुवनेश्वर सेनापति ने कहा कि मंदिरों और सरना स्थलों में विधि विधान से पूजा पाठ हो रहा है या नहीं सभी ग्रामीणों को ध्यान रखना चाहिए। किसी सरना स्थल में पाहन द्वारा पूजन नहीं हो रहा है तो नए पाहन की नियुक्ति करनी होगी। पाहनों को पूजा पाठ करने के लिए बीरू राजपरिवार द्वारा पहनई जमीन दी गई है। डीसी से आदेश लेकर नए पाहन को नियुक्त किया जा सकता है। उन्होंने मंदिरों और पूजा स्थलों की देखरेख और रख रखाव के लिए सभी ग्रामीणों से मिलकर कार्य करने के लिए कहा। बैठक में जिला मंत्री नारायण दास, जिला सह मंत्री रवि कुमार वर्मा, रामनिवास सिंह, करम मांझी, कालीचरण मांझी, रामजीत प्रधान, नारायण प्रधान, वसंत कुमार साहू, श्याम सुंदर प्रधान, दिलीप बड़ाईक, भोला साहू, सुजन मुंडा, शंकर प्रधान, मलिया गंझू, मोतीलाल ओहदार, प्रेमचंद मांझी, दशरथ सिंह, जगदीश बड़ाईक आदि उपस्थित थे।