पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जलापूर्ति के दौरान किया बूस्टर का उपयोग तो होगा जब्त

जलापूर्ति के दौरान किया बूस्टर का उपयोग तो होगा जब्त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पेयजल सप्लाई के दौरान बूस्टर का उपयोग करने वाले लोगों के विरुद्ध अब जलदाय विभाग ने सख्ती दिखाना शरु कर दिया है। सप्लाई के दौरान अधिकांश लोगों द्वारा बूस्टर का उपयोग करने से पेयजल पाइप लाइन के अंतिम छोर पर रहने वाले उपभोक्ताओं के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है जिसके कारण ऐसे लोगों पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सहायक अभियंता सिटी जितेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि इस संबंध में विभिन्न माध्यमों से शिकायतें मिलने के कारण अब कनिष्ठ अभियंता के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है जो पेयजल सप्लाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों में जाकर बूस्टर जब्ती की कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि टीम में कनिष्ठ अभियंता रिंकल, फोरमेन द्वितीय रमजान खां, मीटर निरीक्षक उगमसिंह, फीटर भीमाराम, मिस्त्री द्वितीय नरसाराम व सहायक नेकाराम माली को शामिल किया गया है।

नर्मदा नहर से जलापूर्ति पर सुधर सकेंगे हालात : गौरतलब है कि गत वर्ष हुई अतिवृष्टि के दौरान नर्मदा नहर के साथ कई स्थानों पर वितरिकाएं भी टूट गई थी। जिसके चलते तेतरोल पंप स्टेशन व पाइपलाइनें भी मिट्टी से भर गई थी। साथ ही जालोर शहर की सप्लाई करने वाले कई स्टेशन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। ऐसे में जालोर में नर्मदा के पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था गड़बड़ा गई। अब नर्मदा नहर की मरम्मत का काम होने से आगामी 15 से 20 दिनों में तेतरोल प्लांट पर पहुंचने के साथ शहर की पेयजल सप्लाई व्यवस्था में भी सुधार की उम्मीद है।

वर्तमान में 4 से 5 दिनों में जलापूर्ति के कारण लोग अधिक पानी के लिए कर रहे हैं बूस्टर का उपयोग

वर्तमान में हो रही चार से पांच दिनों में जलापूर्ति

गौरतलब है कि वर्तमान में जलदाय विभाग की ओर से चार से पांच दिनों में जलापूर्ति की जा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार जहां शहर में प्रतिदिन 80 लाख लीटर पानी की आवश्यकता रहती है, मगर विभाग के अभी पानी की पर्याप्त अनुपलब्धता के चलते 50 लाख लीटर की ही जलापूर्ति की जा रही है। गर्मी के मौसम में कम जलापूर्ति होने के कारण लोग घरों में बूस्टर लगाकर अधिक पानी खींचने का प्रयास करते हैं जिसके चलते पाइपलाइन से जुड़े अंतिम छोर के लोगों को पानी नहीं मिल पाता। इसको लेकर शहरवासियों की ओर से जलदाय विभाग में की जा रही शिकायतों के चलते अब बूस्टर जब्ती के लिए टीम का गठन किया गया है।

टीम का गठन किया है

बूस्टर लगाने को लेकर शहरवासियों की मिल रही शिकायतों के चलते विभागीय स्तर पर टीम का गठन किया गया है। जो सप्लाई वाले क्षेत्र में विजीट कर बूस्टर का उपयोग करने वाले लोगों के यहां बूस्टर जब्त करने की कार्रवाई करेगी। -जितेंद्र त्रिवेदी, एइएन सिटी, जलदाय विभाग, जालोर

खबरें और भी हैं...