अंबेडकर सभा भवन का आज होगा शिलान्यास व भूमि पूजन
जिला मुख्यालय पर डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा भवन का शिलान्यास एवं भूमि भूजन 14 अप्रैल शनिवार सवेरे 11 बजे भीनमाल रोड स्थित मातृ-शिशु चिकित्सालय के पीछे किया जाएगा। नगरपरिषद के आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि मुख्यमंत्राी की ओर से वित्तीय वर्ष 2018-19 की बजट घोषणा की क्रियांविति व राज्य सरकार के निर्देशानुसार डॉ. अंबेडकर सभा भवन का शिलान्यास व भूमि पूजन 14 अप्रैल सवेरे 11 बजे किया जाएगा।
शिलान्यास व भूमि पूजन विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद देवजी पटेल, जालोर विधायक अमृता मेघवाल, जिला प्रमुख डॉ. वन्नेसिंह गोहिल व जालोर नगरपरिषद के सभापति भंवरलाल माली के हाथों किया जाएगा। इस दौरान नगरपरिषद के समस्त पार्षद व कर्मचारी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
अंबेडकर जयंती आज, होंगे विभिन्न कार्यक्रम
डॉ भीमराव अम्बेडकर सेवा समिति की ओर से शनिवार को सवेरे 10 बजे अम्बेडकर सभा स्थल पर मानाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान नगरपरिषद से होकर सभा स्थल पर रैली निकाली जाएगी। यह जानकारी जिलाध्यक्ष गोकुलभाई परिहार ने दी।
डॉ. अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस की विचार गोष्ठी आज
जालोर. जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार सुबह 11 बजे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का कार्यक्रम जिलाध्यक्ष डॉ समरजीतसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में राजीव गांधी भवन जालोर में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रवक्ता योगेंद्रसिंह कुंपावत ने बताया कि कार्यक्रम में वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, जिला कार्यकारिणी,अग्रिम संगठन एवम प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सहित तमाम कांग्रेसजन मौजूद रहेंगे।
जयंती पर आरएसएस ने अंबेडकर की जीवनी पर डाला प्रकाश
रानीवाड़ा | राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से शुक्रवार को आदर्श विद्या मंदिर में डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस मौके मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश थे, जबकि अध्यक्षता छैलसिंह सोलंकी व आरएसएस के जिलाध्यक्ष डॉ. किशन जोशी ने की। मुख्यवक्ता के तौर पर जोधपुर प्रांत कार्यवाह श्याम मनोहर उपस्थित थे। इस दौरान प्रांत कार्यवाह ने बताया कि बाबा साहेब की जीवनी का अध्ययन करना चाहिए। साथ ही हमें राष्ट्र भक्ति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आज
डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती उपखण्ड मुख्यालय सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को मनाई जाएगी। पंचायत समिति परिसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा।
महिला महाविद्यालय में डॉ. अंबेडकर जयंती मनाई
जालोर. श्री राजेन्द्र सूरि कुंदन जैन राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती मनाई गई। वहीं डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया। प्राचार्य डॉ. अनिता कोठारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का भारतीय संविधान निर्माण में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर एक अच्छे विधिवेत्ता के साथ साथ अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ तथा महान समाज सुधारक भी थे। व्याख्याता बाबूलाल देवड़ा ने डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। छात्रा निराली गौड़ ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर व्याख्याता मोहम्मद इरफान, आरएल नोगिया, डॉ. सोहनलाल, डॉ. वगताराम चौधरी, डॉ. पीपाराम, लिपिक शंकरलाल माली व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पुष्पा देवी सहित छात्राएं उपस्थित रही।
बैठक में डॉ. अंबेडकर जयंती पर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर हुई चर्चा
आहोर | पुलिस थाने में सीएलजी की बैठक थानाधिकारी अभयसिंह की मौजूदगी में आयोजित हुई। जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजन को लेकर चर्चा की गई। थानाधिकारी अभयसिंह ने अंबेडकर सेवा समिति के सदस्यों से शांतिपूर्वक व भाईचारे की भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। उपखंड अधिकारी मनमोहन व्यास व तहसीलदार पंकज जैन ने धारा 144 के बारे में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर गलत मैसेज फॉरवर्ड नहीं करने की सलाह दी। इस अवसर प समिति अध्यक्ष हिम्मताराम मेघवाल समेत कई लोग मौजूद थे।