पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तीन महीने का वेतन नहीं देने पर खिरोड़ी पीईईओ पदमा कौशिक को डीईओ ने जारी किया नोटिस

तीन महीने का वेतन नहीं देने पर खिरोड़ी पीईईओ पदमा कौशिक को डीईओ ने जारी किया नोटिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तीन अध्यापकों को जनवरी से मार्च महीने तक वेतन का भुगतान नहीं करने पर डीईओ माध्यमिक ललित शंकर आमेटा ने राउमावि खिरोड़ी व पीईईओ पदमा कौशिक को नोटिस जारी किया है। पीईईओ के अधीनस्थ राउप्रावि देकका गोलिया आकोली में कार्यरत वरिष्ठ अध्यापक किशन कुमार विश्रोई, राप्रावि आकोली की ढाणी तेतरोल में कार्यरत अध्यापक महिपालसिंह व राप्रावि सरलीधोरा आकोली में कार्यरत अध्यापक श्रवण कुमार को जनवरी से मार्च तक तीन महीनों का वेतन नहीं मिला है। वहीं पीईईओ क्षेत्र के अधीनस्थ कुल 42 कर्मचारियों को अब तक मार्च महीने का वेतन भी नहीं मिला है। इसको लेकर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिलाध्यक्ष नारायणसिंह राठौड़ व प्रदेश उपाध्यक्ष शिवदत्त आर्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीईओ माध्यमिक आमेटा से मुलाकात की। सदस्यों ने प्रधानाचार्य द्वारा अधीनस्थ कार्मिकों का तीन माह से वेतन नहीं बनाने का विरोध करते हुए तत्काल वेतन बनाने तथा प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं कर्मचारी महासंघ जिलाध्यक्ष दलपतसिंह आर्य ने कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं बनाने पर धरना प्रदर्शन की भी चेतावनी दी। इस पर डीईओ आमेटा ने वेतन नहीं बनाने के संबंध में प्रधानाचार्य को नोटिस जारी कर वेतन नहीं बनाने का कारण बताने तथा उक्त कार्मिकों को तुरंत वेतन भुगतान कर पालना से अवगत करवाने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार खिरोड़ी पीईईओ के अधीनस्थ स्कूलों में कुल 42 कर्मचारी कार्यरत है जिन्हें मार्च का वेतन भी नहीं मिला है। इस दौरान संगठन मंत्री गोपालसिंह, जिला संरक्षक मदनसिंह राठौड़ व जिला मंत्री ओमप्रकाश खंडेलवाल भी मौजूद रहे।

संपर्क नहीं हो पाया
इस संबंध में खिरोड़ी प्रधानाचार्य पदमा कौशिक से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

नोटिस जारी किया है
पीईईओ की ओर से शिक्षकों का समय पर वेतन आहरण नहीं करने को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी किया गया है। साथ ही बजट की डिमांड कर जल्द ही इन शिक्षकों को वेतन जारी करने के निर्देश दिए हैं। -ललित शंकर आमेटा, डीईओ, माध्यमिक शिक्षा, जालोर

खबरें और भी हैं...