मीन मलमास आज से खत्म होगा, 4 माह में 23 दिन सावे
जालोर| ग्रहों के राजा सूर्यदेव अपनी उच्च राशि मेष में सुबह 8:13 बजे प्रवेश करेंगे। इसी के साथ मीन मलमास समाप्त होगा और शुभ व मांगलिक कार्य शुरू हो सकेंगे। इससे पूर्व 14 मार्च को सूर्य ग्रह के मीन राशि में प्रवेश करने से मीन मलमास लगा हुआ था। इससे 18 मार्च को शुरू हुए नए विक्रम संवत 2075 में अब तक कोई शुभ व मांगलिक कार्य नहीं हो सके थे। इस नए विक्रम संवत का पहला सावा आखातीज से शुरू होगा।
आखातीज 18 अप्रैल को है और यह अबूझ सावा भी है। इसके बाद चार महीने यानी 21 जुलाई तक 23 सावों पर शहनाइयां बजेंगी। इस बीच, 16 मई से 13 जून तक अधिकमास रहेगा।