पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जिले में पांच साल में 243 में से 164 आरओ प्लांट ही लगाए, देखरेख के अभाव में 30 पड़े हैं बंद

जिले में पांच साल में 243 में से 164 आरओ प्लांट ही लगाए, देखरेख के अभाव में 30 पड़े हैं बंद

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जालोर. निकटवर्ती मांडवला गांव में बंद पड़ा आरओ प्लांट।

यह है जिले में आरओ प्लांट की स्थिति

जलदाय विभाग की ओर से जिले में तीन चरणों में 243 आरओ प्लांट लगाए गए थे जिनमें से वर्तमान मे केवल 134 प्लांट ही चालू है। कंपनियों की ओर से नियमित मेंटेनेंस के अभाव में 30 आरओ प्लांट बंद पड़े हैं, वहीं 79 आरओ प्लांट एक साल की अवधि में कंपनी की ओर से शुरु ही नहीं किए गए।

1 साल में 10% प्लांट ही लगाए, फिर टेंडर निरस्त

एइएन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि तीसरे चरण के तहत जिले के 89 गांवों में आरओ प्लांट लगाने के लिए मेसर्स फोंटस वाटर प्राइवेट लिमिटेड न्यू दिल्ली को 13 जनवरी 2017 को वर्कऑर्डर जारी किया गया। मगर फर्म की ओर से एक साल की अवधि में मात्र 12 प्लांट ही स्थापित किए गए। जिनमें भी मेंटेनेंस के अभाव में केवल 10 ही चालू हालात में हैं। ऐसे में वित्त कमेटी की 31 जनवरी 2018 को हुई बैठक में इस फर्म का भी टेंडर निरस्त कर दिया गया।

दोबारा टेंडर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है

पहले और तीसरे चरण में कंपनियों की ओर से नियमित मेंटेनेंस के अभाव में टेंडर निरस्त किए गए थे। पहले चरण में दो बार टेंडर जारी करने पर भी किसी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई। अब पहले और तीसरे चरण के लिए फिर से टेंडर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। योजना में शामिल सभी गांवों के ग्रामीणों को जल्द ही रियायती दर पर मिनरल वाटर उपलब्ध हो सकेगा। -ताराचंद कुलदीप, एसई, जलदाय विभाग, जालोर

पहले चरण की फर्म का टेंडर निरस्त

जलदाय विभाग के एइएन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पहले चरण में वर्ष 2013-14 में जिले के 40 गांवों में आरओ प्लांट स्वीकृत हुए थे जिनके लगाने से 7 साल तक मेंटेनेंस का जिम्मा मेसर्स वाटर लाइफ, सिकंदराबाद को दिया गया गया। कंपनी की ओर से सभी 40 प्लांट लगाए गए जिनमें से देवड़ा में स्थापित एक प्लांट वर्ष 2015 में बाढ़ के साथ बह गया। मेंटेनेंस के अभाव में शेष 39 में से वर्तमान में केवल 10 ही प्लांट चालू है। नियमित मेंटेनेंस के अभाव में 13 सितंबर 2017 को हुई वित्त कमेटी की बैठक में इस फर्म का टेंडर ही निरस्त कर दिया गया। बाद में विभाग की ओर से 2 बार इसके लिए टेंडर भी जारी किए गए मगर किसी भी फर्म ने इसमें रूचि नहीं दिखाई जिसके चलते सभी प्लांट आज भी बंद पड़े हैं।

दूसरे चरण के सभी 114 प्लांट शुरू

वर्ष 2016-17 में द्वितीय चरण के जिले के 114 गांवों में आरओ प्लांट लगाने के लिए मेसर्स राइट वाटर सोल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नागपुर को वर्कऑर्डर जारी किए गए। फर्म की ओर से सभी स्थानों पर निर्धारित अवधि में प्लांट स्थापित कर नियमित मेंटेनेंस किया जाने से ग्रामीणों को मिनरल वाटर सस्ती दरों पर मिल रहा है।

चरण वर्ष स्वीकृत चालू बंद

प्रथम 2013-14 40 10 30

द्वितीय 2016-17 114 114 --

तृतीय 2017-18 89 10 79 (लगे ही नहीं)

कुल 243 134 109

खबरें और भी हैं...