- Hindi News
- National
- भविष्य के निर्माण का दायित्व सही मायने में शिक्षक का ही है : स्वामी आर्यावेश
भविष्य के निर्माण का दायित्व सही मायने में शिक्षक का ही है : स्वामी आर्यावेश
जालोर. शिक्षक संघ राष्ट्रीय के दो दिवसीय अधिवेशन में संभागी।
भास्कर न्यूज | जालोर
राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय का दो दिवसीय प्रदेश महासमिति अधिवेशन ज्योति बा फूले उमावि में सांसद देवजी एम पटेल के मुख्य आतिथ्य में प्रारंभ हुआ। मुख्य वक्ता सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान स्वामी आर्यावेश थे। उन्होंने प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य के निर्माण का दायित्व शिक्षक का है। मां पहला, पिता दूसरा व सही मायने में सच्चा गुरु शिक्षक है।
हमारा देश विश्व गुरु का खिताब रहा है। इसी देश में गुरुकुल पद्धति से राम व कृष्ण जैसे शिष्य तैयार हुए जो वैद, मर्यादा, शस्त्र, व धर्मशास्त्र का ज्ञान रखते थे। लार्ड मैकाले के भारत में आने के बाद गुरुकुल को स्कूल कहा जाने लगा। जहां दुनिया के लोग चरित्र निर्माण के लिए भारत में आते थे। यहां प्राचीन समय में वेदो से ज्ञान-विज्ञान प्राप्त कर जैसे पारस पत्थर को छूने से लोहा भी सोना बन जाता है, उसी तरह से विद्यार्थी तैयार करने की आवश्यकता है। उन्होंने जनवरी में नववर्ष को मनाने का विरोध जताते हुए कहा कि हमारी संस्कृति इसकी इजाजत नहीं देती। ना ही ये विज्ञान की कसौटी पर खरा उतरता है। चैत्र मास एकम ही सही नववर्ष है। यह पृथ्वी का शृंगार दिवस है। इसे मनाने की आवश्यकता है। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया। सांसद देवजी एम पटेल ने कहा कि गुरु का दर्जा भगवान से ज्यादा है। शिक्षा ही जीवन है और जीवन देने वाला शिक्षक है। जालोर जिले में शिक्षा केन्द्रो का विकास हुआ है। यहां से ही निकलकर प्रतिभा निकलकर आगे देश का नाम रोशन करेगी। कार्यकर्म के प्रारंभ में सरस्वती व भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा सामूहिक राष्ट्रगीत का गान हुआ। महामंत्री देवलाल गोचर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। स्वागताध्यक्ष भभूतराम सोलंकी ने स्वागत भाषण दिया।
अतिथियों ने संगठन सारथी स्मारिका का विमोचन किया। शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद शर्मा ने कहा कि संगठन शिक्षक हित में संघर्षरत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संरक्षक नानक कुंदनानी ने जालोर के आयोजन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शिवदत आर्य ने किया। इससे पूर्व सवेरे 11 बजे शैक्षिक सत्र में हिंदू जागरण मंच जोधपुर व जयपुर प्रांत के संगठन मंत्री मुरलीधर ने कहा कि शिक्षक पर समाज को बेहतर करने के लिए कि बड़ी जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह बालावत ने कहा कि शिक्षक संघ राष्ट्रीय शिक्षा, शिक्षार्थी और शिक्षक के हित में काम करने वाला संगठन है। इससे पूर्व प्रोफेसर रामनारायण शास्त्री के सान्निध्य में राष्ट्रीय रक्षा हवन किया गया। सर्त् में प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद सिंह, जयमाला पानेरी, डॉ. अरुणा शर्मा, देवकीनन्दन सुमन, अरविंद व्यास, नवीन शर्मा, दिनेश कुमार शर्मा उपस्थित थे। इस अवसर पर महिला प्रदेश मंत्री डॉ. अरुणा शर्मा, बीआरएसएम के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बजरंगप्रसाद मजेजी व मोहन पुरोहित, संरक्षक नानक कुन्दनानी, प्रदेश मंत्री रवि आचार्य, प्रदेश संगठन मंत्री महावीर प्रसाद सिंघल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद व्यास, उपाध्यन नवीन शर्मा, हरियाणा आर्य युवक परिषद के प्रधान ब्रह्मचारी दीक्षेन्द्र, सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि के उपमंत्री रामसिंह आर्य, प्रधान संचालक भंवरलाल आर्य, दलपतसिंह आर्य, नारायणसिंह राठौड़, प्रशांतसिंह, गोपालसिंह मण्डलावत, मदनसिंह राठौड़, अंबिकाप्रसाद तिवारी, ओमप्रकाश खण्डेलवाल, देवराज चौधरी, श्रीराम शर्मा, कृष्णकुमार व नूर मोहम्म्द सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
जालोर. शिक्षक संघ के अधिवेशन में मौजूद अतिथि।