- Hindi News
- National
- महिला बंदियों व जेल में उनके साथ रह रहे बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए 9 सदस्यीय टीम गठित
महिला बंदियों व जेल में उनके साथ रह रहे बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए 9 सदस्यीय टीम गठित
जिला एवं सेशन न्यायाधीश सोनी ने किया 9 सदस्यीय टीम का गठन
भास्कर न्यूज | जालोर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालोर के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रकाश सोनी (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) ने महिला बंदियों व उनके साथ जेल में रह रहे उनके बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने, विधिक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 9 सदस्यीय टीम का गठन किया है।
इस टीम के सदस्यों को योजना की विस्तार से जानकारी देने तथा टीम की ओर से आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी देने के लिए बुधवार को जिला एडीआर भवन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालोर के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रकाश सोनी (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मनोचिकित्सक बनवारी लाल मालविया, महिला चिकित्सक कमला भारती, जिला बाल संरक्षण ईकाई के सहायक निदेशक ज्योति प्रकाश अरोड़ा, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जितेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक मुकेश सोलंकी, पैनल अधिवक्ता केशाराम व रीना खोखर तथा हनुमान सेवा समिति के वचनाराम गर्ग को उनके द्वारा इस योजना के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव पवन कुमार काला ने बताया कि टीम में शामिल सदस्य 17 से 26 मई 2018 तक दस दिवसीय अभियान के तहत केन्द्रीय जेल जोधपुर का दौरा करेगी तथा पैनल अधिवक्तागण की ओर से जिले की तीनों जेलों से जोधपुर जेल को स्थानांतरित महिला बंदियों को उनके लंबित प्रकरणों के बारे में, प्रकरण की प्रक्रिया के बारे में, उनकी ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता के बारे में जानकारी देंगे। जिन महिलाओं की ओर से अधिवक्ता नियुक्त नहीं है। उनके लिए बिना फीस के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अधिवक्ता नियुक्त करवाएंगे। विधिक साक्षरता शिविर करेंगे। इसी प्रकार टीम के चिकित्सक सदस्य महिलाओं व उनके बच्चों के संबंध में जानकारी लेते हुए महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे तथा जेल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेंगे। महिला अधिकारिता व बाल संरक्षण ईकाई के अधिकारी महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य व पुनर्वास, कौशल विकास, जेल में महिलाओं की स्वच्छता आदि के बारे में जानकारी लेंगे। हनुमान सेवा समिति के प्रतिनिधि जेल से छुटकर आने वाली महिलाओं के पुर्नवास के संबंध में जानकारी जुटाएंगे व मदद की हरसंभव कौशिश करेंगे। कार्यशाला के दौरान टीम के प्रत्येक सदस्य की ओर से उनके द्वारा किए जाने वाले कार्य की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह टीम गुरूवार से जोधपुर केन्द्रीय कारागृह का दौरा करेंगे।