पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अंबेडकर भवन के शिलान्यास का पार्षदों ने किया बहिष्कार, कहा शहर से बाहर, इसलिए अनुपयोगी

अंबेडकर भवन के शिलान्यास का पार्षदों ने किया बहिष्कार, कहा- शहर से बाहर, इसलिए अनुपयोगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के भीनमाल मार्ग पर मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र के पीछे 67 लाख की लागत से बनाया जाने वाला अंबेडकर सभा भवन शनिवार को भूमि पूजन समारोह के साथ ही विवादों में आ गया। सुनसान जगह का मनमर्जी से चयन करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी पार्षदों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया। उन्होंने विरोध जताया कि जिस जगह नगर परिषद यह भवन बनाने जा रही है वहां आम जनता ही नहीं है तो फिर उसका उपयोग कौन करेगा? इधर, आयुक्त का कहना है कि शहर के बीच 750 वर्ग मीटर की जमीन नहीं होने के कारण उस भूमि का चयन किया गया।

गौरतलब है कि सरकार के बजट घोषणानुसार नगर निकाय पर अंबेडकर भवन का निर्माण करवाया जाना है। इसी के तहत शनिवार को भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जिला प्रमुख बन्नेसिंह गोहिल, विधायक अमृता मेघवाल, सभापति भंवरलाल माली, उपसभापति मंजू सोलंकी, तहसीलदार ममता लहुआ, आयुक्त शिकेस कांकरिया समेत अन्य अतिथि मौजूद थे। समारोह में नगर परिषद कार्मिक व भाजपा के कुछ पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा आम जनता की भागीदारी नहीं हुई। इस दौरान विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया गया। समारोह का कांग्रेसी पार्षदों ने बहिष्कार किया। उन्होंने बताया कि सुनसान जगह पर भवन निर्माण करके नगर परिषद सरकारी पैसों का दुरुपयोग कर रही है।

67 लाख की लागत से बनेगा भवन, कांग्रेस पार्षदों ने किया विरोध

जालोर. अंबेडकर भवन शिलान्यास समारोह में उपस्थित मंचासीन अतिथि।

जालोर. अंबेडकर सभा भवन शिलान्यास कार्यक्रम में खाली पड़ी कुर्सियां।

यह सारी सुविधाएं होगी अंबेडकर भवन में

अंबेडकर भवन एयरकंडीशन होगा। इसके अंदर हॉल, कमरें, टॉयलेट समेत अन्य कई तरह की सुविधाएं उसमें होगी। इसके अलावा गार्डन भी होगा। आम जनता या सरकारी आयोजन उसमें करवा सकेगी।

सुनसान जगह, आम लोग नहीं ले पाएंगे फायदा

जिस जगह अंबेडकर भवन निर्माण किया जा रहा है। वहां मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेंटर है। इसके अलावा आस-पास में कोई आम लोगों का निवास या कॉलोनी नहीं है। इस सेंटर के पीछे 2011 में नगर परिषद ने आवासीय प्लॉट की निलामी की थी, लेकिन वहां 7 साल बाद भी महज 1 ही प्लॉट में मकान बना हुआ है, जिनका ट्यूबवेल बना हुआ है तथा वहां पर टैंकरों को पानी भरवाया जाता है। इसके अलावा किसी तरह की बस्ती नहीं है। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। ऐसे में आम शहरवासी इसका उपयोग तक नहीं सकेगे। प्रतिपक्ष नेता गहलोत का कहना है कि वह भवन महज कुछ लोगों की निजी प्रोपर्टी बनकर रह जाएगा।

भूमि चयन कमेटी की सिफारिश को दरकिनार

प्रतिपक्ष नेता मिश्रीमल गहलोत ने बताया कि अंबेडकर भवन निर्माण के लिए भूमि चयन समिति का गठन किया गया था। जिसमें एक्सईएन, जेईएन, एईएन व लेखाधिकारी शामिल थे। जिनको ऐसी जगह का चयन करना था जहां पर भवन बनाने के बाद आम जनता के लिए वह उपयोगी साबित हो। इस समिति ने संजय नगर, शहीद भगतसिंह स्टेडियम के सामने तथा रोडवेज डीपो के पास इन तीन जगह का चयन किया था, लेकिन इन तीनों जगहों को छोड़कर ऐसी सुनसान जगह पर इसे बनाया जा रहा है जहां आम जनता तक नहीं जाती है।

शहर के बीच बने ताकि उपयोग आए

हम कांग्रेस पार्टी के पार्षद वहां पर भवन निर्माण करवाने के खिलाफ है। इसका निर्माण शहीद भगतसिंह स्टेडियम के पास होना चाहिए ताकि वह आम लोगों के उपयोग में आ सके। सुनसान जगह पर बनाकर सरकारी पैसों का दुरुपयोग कर रहे हैं। - मिश्रीमल गहलोत, नेता प्रतिपक्ष, नगर परिषद जालोर

हमें इसके लिए 750 वर्ग मीटर जगह चाहिए थी, जो शहर के बीच नहीं थी। इसलिए वहां पर बनाना तय किया गया। सरकार के आदेशानुसार अंबेडकर जयंती पर आज भूमि पूजन करना था। कांग्रेसी पार्षद समारोह में नहीं आए। - शिकेस कांकरिया, आयुक्त नगर परिषद, जालोर

खबरें और भी हैं...