जामगांव आर(बेल्हारी)|पाटन जनपद अध्यक्ष हर्षा चंद्राकर ने ग्राम करेला में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। गांव में मनरेगा के तहत जारी तालाब गहरीकरण कार्य में लगे मजदूरों ने चौपाल में जनपद अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से खुली चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने रानीतराई की कियोस्क शाखा से भुगतान मिलने में हो रही दिक्कतों के बारे में बताया। वहीं गर्मी में विभिन्न वार्डों में पेयजल की समस्या को अध्यक्ष के सामने रखा। इस पर चंद्राकर ने पीएचई के अफसरों से बात कर समस्या दूर करवाने का भरोसा दिलाया। जनपद अध्यक्ष ने ग्रामीणों को राज्य और केंद्र सरकार की कई योजनाओं की जानकारी दी।