भास्कर संवाददाता| राघौगढ़/जामनेर
खाली धरती पर पौधे लगें, इसके लिए कुनबा तैयार हो गया है। गांव के एक व्यक्ति ने चिंता की तो 500 लोग जुड़ गए। एक बीज बैंक भी बना डाला, इसमें हर दिन लोग आते हैं और बीज जमा कर रहे हैं। अब तक 80 हजार बीज एकत्रित हो चुके हैं। इन्हें बारिश में जगह- जगह बोया जाएगा। उम्मीद है कि एक करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे।
स्मृति वन में बीज बैंक योजना के लिए किसानों ने संगठन तैयार किया है। स्मृति वन बीज बैंक में पलाश, करंज, पीपल, अरंड आदि के बीज जमा कराए गए।
इस मिशन से जुड़े ऊधम सिंह लोधा ग्राम सोरामपुरा ब्लॉक राघौगढ़ व संघ सदस्यों ने बताया कि अभी हमारा बीज संग्रहण का कार्य चालू है। जिस भी किसी व्यक्ति के पास देशी बीज उपलब्ध हैं, वे इस कार्य में सहयोग कर सकते हैं। हालांकि लोग संपर्क कर अपने यहां रखे देशी बीज समिति के पास जाम कर रहे हैं। अब तक 80 हजार से ज्यादा बीज जमा हो चुके हैं। यह कार्य लगातार चलता रहेगा।