कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस को और मजबूत करेंगे:सिंह
ब्लॉक कांग्रेस राघौगढ़ की कार्यकर्ता बैठक अभा कांग्रेस के पर्यवेक्षक धीरज बाबा, विधायक जयवर्धन सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेंद्र लुम्बा की मौजूदगी में हुई। विधायक श्री सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन चुनाव में राघौगढ़ ब्लॉक को अब तीन ब्लॉक में विभाजित किया जा रहा है। राघौगढ़ नगरीय, ग्रामीण एवं जामनेर ब्लॉक बनेंगे। एक ब्लॉक में तीन मंडल होंगे तथा मंडलों में सेक्टर एवं मतदान केंद्र स्तरीय समितियों का गठन किया जाएगा।
विधायक श्री सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह एवं पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह का गृह क्षेत्र है, सभी कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस को और मजबूत करेंगे। कांग्रेस पर्यवेक्षक धीरज बाबा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता संकल्प लें। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाकर प्रदेश में कांग्रेस की पुनः सरकार बनाएंगे। सभा को जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेन्द्र लुंबा ने भी संबोधित किया। संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री विजय कुमार जैन ने किया। आभार प्रदर्शन नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश साहू ने माना।
कांग्रेस महासचिव श्री सिंह की सफल नर्मदा परिक्रमा पदयात्रा का उल्लेख कर उनके यशस्वी जीवन की कामना की गई। अंत में उन्नाव व कठुआ में बलात्कार के बाद मृतकों एवं 13 अप्रैल को अमृतसर के जलियांवाला बाग में मारे गए लोगों को मौन रखकर श्रृद्धांजलि दी। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक जयवर्धन सिंह।