रांची में शहर के कलाकारों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
जमशेदपुर | रांची में चल रहे 10 दिवसीय राज्य स्तरीय आर्ट कैंप का समापन शनिवार को हो गया। इस कैंप में जमशेदपुर समेत झारखंड के 75 कलाकारों की कला दिखी। इस कला कुंभ में अपनी कलाकृतियों की बदौलत जमशेदपुर के कलाकार आकर्षण के केन्द्र रहे। जमशेदपुर के चित्रकार जयदेव चटर्जी, विप्लव राय, मुक्ता गुप्ता, उत्तम मल्लिक, अनुपम पॉल, दप्मा सोरेन, विशेन्द्र नारायण सिंह, सैयद तौहीद जानू, अरिबा तथा प्रबीर शॉ की भागीदारी रही। इन चित्रकारों के अलावा मूर्तिकार शुभेंदु विश्वास और मानिक शॉ शामिल थे। जयदेव चटर्जी एवं विप्लव राय ने अपने कैनवास पर झारखण्ड के गांव का सजीव चित्रण किया। मुक्ता गुप्ता की लव सीरिज की पेंटिंग में स्त्री- पुरुष के प्रेम के रंग को कैनवास पर बिखेरा।