अनधिकृत प्रवेश पर आरक्षित कोच में लगेगी रोक, यात्री के साथ रेलकर्मी पर भी होगा लागू
जमशेदपुर आरक्षित कोच में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कोच में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। यह नियम रेल कर्मचारियों पर भी लागू होगा। इसके तहत रेल कर्मचारी आरक्षित कोच में तभी प्रवेश कर सकेंगे, जब टीटीई उन्हें बर्थ अलॉट करेंगे। बिना अनुमति के बर्थ का उपयोग करने पर संबंधित कर्मचारी को अनधिकृत यात्री माना जाएगा और उसके साथ रेलवे बोर्ड के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में रेलवे के सभी जोन को पत्र जारी कर जानकारी दे दी गई है। गौरतलब है कि आए दिन ट्रेन की आरक्षित बोगियों में रेल कर्मचारी सवार हो जाते हैं और आरक्षित सीट का उपयोग करते हैं। खासकर रनिंग स्टाफ इसका उपयोग ज्यादा करते हैं। इस संबंध में मिल रही शिकायतों के आधार पर यह निर्देश जारी किया गया है।