पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Jamshedpur
  • 2009 के बाद विवि से पीएचडी करने वाले शिक्षकों की डिग्री की होगी जांच

2009 के बाद विवि से पीएचडी करने वाले शिक्षकों की डिग्री की होगी जांच

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर

कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) व उसके अंगीभूत कॉलेजों में सेवा देने वाले करीब दो दर्जन शिक्षकों की पीएचडी की डिग्री की जांच हो सकती है। छात्र नेता हेमंत पाठक ने इसकी शिकायत पीएचडी घोटाले की जांच कर रही विवि के उच्च स्तरीय कमेटी से की है।

इसमें कहा गया है कि वर्ष 2009 के बाद पीएचडी की डिग्री जमा करने वाले करीब दो दर्जन से अधिक शिक्षकों की उपाधि की जांच होनी चाहिए। क्योंकि इस अवधि के दौरान डिग्री लेने वाले छात्रों के सर्टिफिकेट की जांच हो रही है तो पीएचडी की डिग्री हासिल करने वाले शिक्षकों की भी जांच होनी चाहिए। वे वर्तमान में विवि के अलग-अलग कमेटियों में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे हैं। शिकायत में कहा गया है कि विवि में एक-दो नहीं बल्कि दर्जन भर से अधिक ऐसे शिक्षक हैं, जिन्होंने 2009 के बाद पीएचडी की है।

वेतन लेते हुए किया शोध कार्य

शिकायत में कहा गया है कि विवि से वेतन लेते हुए कई शिक्षकों ने शोध कार्य पूरा किया है। इन शिक्षकों की ओर से किए गए कोर्स वर्क, पीएचडी के लिए लिए गए अवकाश सहित तमाम तथ्यों की विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की आेर से 2009 में शोध को लेकर जारी गाइड लाइन के आलोक में डिग्री की जांच की जाए। पीएचडी घोटाले की जांच करने वाली कमेटी पूरे मामले को कुलपति के समक्ष पेश कर सकती है।

शिक्षकों के पीएचडी की भी जांच होनी चाहिए : पाठक

इस पूरे मामले के शिकायतकर्ता छात्र नेता हेमंत पाठक ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय में वर्ष 2009 के बाद पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की डिग्री की जांच की घोषणा जब कोल्हान विश्वविद्यालय ने की तो वे हैरान रह गया। क्योंकि इसमें सिर्फ छात्र-छात्राओं की डिग्री की जांच की बात थी, जबकि इसी अवधि में कोल्हान विश्वविद्यालय के कई शिक्षकों ने भी पीएचडी की है। ऐसे में छात्रों के साथ उनकी डिग्री की भी जांच होनी चाहिए।

कमेटी निष्पक्ष रहकर पूरे मामले की जांच करेगी

छात्र नेता की शिकायत पर पूरे मामले की जांच की जाएगी, ताकि किसी के साथ नाइंसाफी न हो। जांच कमेटी के रूप में हमें निष्पक्ष दिखना है। ऐसे में अगर जरूरत पड़ी ताे कमेटी इस मामले को पुन: कुलपति के समक्ष मार्गदर्शन के लिए रखेगी। डॉ रणजीत कुमार सिंह, चेयरमैन, पीएचडी जांच कमेटी

करीम सिटी कॉलेज : विदाई समारोह में छात्रों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

साकची स्थित करीम सिटी कॉलेज में इतिहास विभाग के स्नातक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने रविवार को तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। इसमें मुख्य अतिथि प्राचार्य डाॅ. मो. जकारिया ने छात्र-छात्राओं को भविष्य की शुभकामनाएं दीं। द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत गीत संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इस दौरान विविध प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। समारोह का संचालन तृप्ति शर्मा और धन्यवाद ज्ञापन कुमारी शिखा ने किया। मौके पर करीम सिटी कॉलेज के इतिहास विभाग के डॉ. इंद्रसेन सिंह, डॉ. अनवर आलम, डॉ. कौशर तसनीम, डॉ. एसएन सिंह, डॉ. मो. रियाज के अलावा छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...