जीत सुनिश्चित करने के लिए घर-घर संपर्क के साथ पार्टियों का दौर भी शुरू
सिटी रिपोर्टर | जमशेदपुर
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के 18 अप्रैल को होने जा रहे चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मैदान में खड़े उम्मीदवार अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं। साथ ही पार्टियां करना भी शुरू कर दिए हैं। रविवार को टेल्को कॉलोनी में कई जगहों पर पार्टियों का दौर चला, जिसमें कमेंटी मेंबर पद पर खड़े उम्मीदवारों ने अपने विभाग के कर्मचारियों को पार्टी दी।
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के इतिहास में पहला मौका है, जब कोई भी उम्मीदवार यह कहने की स्थिति में नहीं है कि वह जीत जाएगा। सबसे ज्यादा कांटे की टक्कर एटीपी, ब्लॉक लाइन और मेटेरियल्स विभाग में है। सूत्रों का कहना है कि इस चुनाव में नए वोटर निर्णायक साबित होने जा रहे हैं। एटीपी और मेटेरियल विभाग में इनकी संख्या ज्यादा होने से नए वोटरों का प्रभाव यहां पर ज्यादा है। इस साल एटीपी में कमेटी मेंबरों के पांच पद और मेटेरियल्स विभाग में दो पद हैं।
बताया जा रहा है कि इस बार मैदान में पहली बार उतरे कई उम्मीदवार यूनियन के दिग्गज पदाधिकारियों को कांटे की टक्कर दे रहे हैं। वर्तमान कमेटी मेंबरों में से लगभग आधे चुनावी दंगल में फंसे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि 19 कमेटी मेंबरों में से 18 का चुनाव होना है। आफ्टर मार्केट से अजीत कुमार सिंह का पहले ही निर्विरोध चुनाव हो चुका है।
चुनाव में नए मतदाताओं की भूमिका होगी निर्णायक
10 कमेटी मेंबरों का जिसे सपोर्ट मिलेगा, उसकी बनेगी कमेटी
19 कमेटी मेंबरों में से 10 कमेटी मेंबरों का सपोर्ट जिस गुट को मिलेगा, उसकी कमेटी बनेगी। 2015 में हुए चुनाव में भी स्थायी हुए नए कर्मचारियों की अहम भूमिका रही थी। उनके समर्थन से जीत कर आए उम्मीदवारों ने अरुण कुमार सिंह को महामंत्री बनाया था। अरुण को 19 में से 10 कमेटी मेंबरों का समर्थन मिला था। विवाद की वजह से छह माह तक कमेटी गठित नहीं हो पाई थी। लेकिन बाद में अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह के हस्तक्षेप के बाद अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में नई कमेटी का गठन हुआ था।
आज होगी नाम वापसी
टाटा कमिंस कर्मचारी चुनाव में सोमवार को नाम वापसी होगी। अपराह्न 3 बजे के पहले उम्मीदवार नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद शाम चार बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि कई दिग्गज इस चुनाव में अपनी हार को देखते हुए पहले ही मैदान छोड़ सकते हैं।
विभागवार कमेटी मेंबरों की संख्या
एटीपी 4 : चन्द्रभूषण पांडेय, सुमित कुमार, रंजन कुमार सिंह और राजू मूर्ति। मेटेरियल्स 2 : रमेश कुमार और धीरज कुमार सिंह। सिलेंडर ब्लॉक 3 : अरुण कुमार सिंह, राजू प्रसाद और दिप्तेन्दू चक्रवर्ती। हेडलाइंस एक : शशिशेखर शुक्ला। फ्रैंकलिन 2 : टीके महंती और रमाकांत करूआ। कनेक्टिंग रड 2 : मनोज कुमार सिंह और रमाकांत करूआ। टूलिंग एक : सम्राट चक्रवर्ती। ऑफिस एरिया एक : सुशील श्रीवास्तव। आफ्टर मार्केट एक : अजीत कुमार। क्वालिटी 2 : एहसान अहमद सिराजी और प्रभाकर सिंह।