अभी बिजली व्यवस्था सुधरने में होगी देरी
पारडीह काली मंदिर सब स्टेशन को बालीगुमा बिजली ग्रिड से जोड़ने का काम रुक गया है। बिजली बोर्ड के पास ग्रिड से सब स्टेशन को जोड़ने के लिए उपकरण के साथ अन्य सामग्री नहीं है।
इसमें 100 से अधिक रेल पोल, बिजली तार व अन्य उपकरण घट गए हैं। इसलिए काम बंद हो गया है। हालांकि बिजली बोर्ड ने दावा किया है कि 15 दिनों में मुख्यालय से सामान उपलब्ध होने की संभावना है। बोर्ड के कार्यपालक अभियंता पीके विश्वकर्मा ने बताया कि सामान की कमी को देखते हुए 70 रेल पोल, बिजली तार व अन्य उपकरण की मांग की गई है। बालीगुमा ग्रिड से काली मंदिर सब स्टेशन को जोड़ने के लिए बोर्ड को 250 रेल पोल की जरूरत है। इसमें 110 पोल लगाए जा चुके हैं। अभी पोल नहीं है, इसलिए काम बंद है।
अप्रैल तक ग्रिड से जोड़ने की थी तैयारी
बिजली बोर्ड को बालीगुमा ग्रिड से पारडीह कालीमंदिर सब स्टेशन काे जोड़ने के लिए 30 अप्रैल तक काम पूरा करने की तैयारी थी। लेकिन सामान की कमी होने से समय लगेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि मई तक ग्रिड से पारडीह कालीमंदिर सब स्टेशन को जोड़ा जा सकेगा। अभी इसे मानीकुई ग्रिड से बिजली मिलती है।