15 दिनों में पूरी कर ली जाएगी स्कूलों के विलय की प्रक्रिया
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम के 393 प्राथमिक व मध्य विद्यालय के विलय की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे संबंधित अधिसूचना मंगलवार को जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) बांके बिहारी सिंह ने जारी कर दी। इसमें सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों (बीईईओ) को 15 दिन में विलय की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
मालूम हो कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव ने 11 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान आदेश जारी करते हुए जल्द विलय की प्रक्रिया को पूरा करने को कहा था। इसके आलोक में जिला स्तर पर डीएसई ने आदेश जारी किया है। पत्र में बताया गया है कि साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव ने कहा था कि ऐसे जिले जहां प्रारंभिक शिक्षा समिति की बैठक में विलय के निर्णय व आरडीडीई द्वारा उसे अनुमोदित कर दिया गया है, इस प्रकार के जिले तत्काल विलय की प्रक्रिया पूरी कर लें।