बिल्डर अधूरा मकान छोड़ गया अब जमीन मालिक मांग रहा पैसे
मानगो सुंदर गार्डेन कॉलोनी में रहने वाले 82 लोगों ने बिल्डर मेसर्स बुद्ध बिहार कंस्ट्रक्शन के संचालक अनिल कुमार अकेला पर ठगी करने का आरोप लगाया है। कॉलोनी वासियों के अनुसार, बिल्डर लोगों से घर के बदले लिए गए करोड़ों रुपए लेकर फरार है। उसने दो बैंक से भी लोन ले रखा था। एक तो वे बिल्डर द्वारा ठगे गए हैं। अब बैंक भी उनके मकान पर अपना दावा ठोक रहा है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति अपार्टमेंट की जमीन पर अपना दावा जता रहा है। अब सुंदर गार्डेन में रहने वाले अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में यहां के 82 परिवार एकजुट होकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
रविवार को अपार्टमेंट में कॉलोनी के लोगों ने पत्रकारों को बताया- सुंदर गार्डेन कॉलोनी में 150 परिवार ने फ्लैट-डुप्लेक्स बुक कराया था। बिल्डर अनिल कुमार अकेला द्वारा फ्लैट-डुप्लेक्स का अधूरा निर्माण कर छोड़ दिया गया। काफी समय बीतने पर भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो बुकिंग कराने वाले लोगों ने खुद अपने खर्च पर उसे रहने लायक बनाया। फिर घर में प्रवेश कर गए। अपार्टमेंट एरिया के रुपम यूनिट के लोग यहां रह रहे हैं। कुछ अन्य लोग जब अर्धनिर्मित मकान को बनाने के लिए आगे बढ़े तो जमीन के मालिक ने उन्हें रोक दिया गया। जमीन मालिक के अनुसार, बिल्डर ने उसे पूरे पैसे नहीं दिए हैं। इस कारण वह अब कोई काम नहीं होने देगा।
अजय सिंह ने बताया- बिल्डर फरार है। जमीन मालिक भी आठ साल बाद सामने आया है और घर बनाने से रोक रहा है। दूसरी ओर कुछ दिनों से एसबीआई और यूबीआई के अधिकारी भवनों पर अपना दावा बता रहे हैं। ऐसे में जिन्होंने बुकिंग करा रखी थी, वे अब खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
अजय सिंह के अनुसार वे लोग इसको लेकर प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इधर जमीन मालिक ने दूसरे बिल्डर प्रधान होममेकर को एग्रीमेंट के तहत निर्माण कार्य की इजाजत दे दी है।