पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Jamshedpur
  • टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बेयरर्स की पहल पर रवि व सतीश में सुलह

टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बेयरर्स की पहल पर रवि व सतीश में सुलह

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बेयरर्स की पहल पर आर रवि प्रसाद और सतीश सिंह में सुलह हो गई है। वीआईपी कक्ष में 2 घंटे तक ऑफिस बेयरर्स के बीच आर रवि प्रसाद और सतीश सिंह ने अपनी बातें रखीं। शिकवा शिकायत बाहर आई। तय हुआ कि अब दरार नहीं होनी चाहिए, न मतभेद रहना चाहिए न मनभेद। पीएफ ट्रस्टी के चयन, जेडीसी के गठन, यूनियन और प्रबंधन की सभी साझा समिति में ऑफिस बेयरर्स और कमेटी मेंबर के प्रतिनिधित्व, यूनियन की फाइनांस कमेटी के गठन के मसले पर आर रवि प्रसाद यूनियन महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय से सलाह लेंगे। पूर्व की भांति सभी जगह पर महामंत्री और डिप्टी प्रेसिडेंट के कोटा से भी कमेटी मेंबरों को जगह दी जाएगी। फैसला लिया गया कि माइकल जॉन गोल्डन अवॉर्ड समारोह के पहले सभी जेडीसी, पीएफ ट्रस्टी, सभी कमेटी के गठन के लिए टाटा स्टील प्रबंधन को ऑफिस बेयरर्स और कमेटी मेंबरों के नाम भेज दिए जाएंगे। क्लब हाउस प्रबंधन समिति के गठन में भी महामंत्री और डिप्टी प्रेसिडेंट की सलाह पर यूनियन अध्यक्ष गौर करेंगे।

आर रवि प्रसाद और सतीश सिंह के बीच मतभेद के सार्वजनिक होने के बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय तक कंपनी के भीतर से संदेश आना शुरू हो गया था कि जेडीसी चेयरमैन के मसले पर सभी विभागों में कमेटी मेंबर दो भागों में विभक्त होने लगे हैं, खींचतान शुरू हो चुकी है। कमेटी मेंबरों के बीच मतदान के जरिए जेडीसी चेयरमैन चुने जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। आर रवि के विभाग के कुछ कमेटी मेंबरों के सतीश सिंह के पक्ष में खुल कर आगे के बाद यह संदेश गया कि अब हालात सही दिशा में नहीं जा रहे हैं। यूनियन उपाध्यक्ष भगवान सिंह ने पहल की। आर रवि प्रसाद, सतीश सिंह, अरविंद पांडेय, शहनवाज आलम, भगवान सिंह, कमलेश कुमार सिंह, धर्मेंद्र उपाध्याय और प्रभात लाल ने एक टीम बना कर यूनियन का चुनाव लड़ा था। यही आठ लोग यूनियन कार्यालय के वीआईपी कक्ष में इकट्ठा हुए। फिर बात शुरू हुई। आर रवि प्रसाद, सतीश सिंह और अरविंद पांडेय ने अपनी-अपनी बातें रखीं। बाकी ऑफिस बेयरर्स ने सबको समझाया। सबका कथन था कि पद का सम्मान होना चाहिए। यूनियन का शीर्ष नेतृत्व किसी भी विभाग में जाने को स्वतंत्र है, मगर उस विभाग के सभी कमेटी मेंबरों को सूचना दी जाए तो, ताकि उनकी समस्याएं सुन सकें।

हम मिल बैठकर समस्या का समाधान निकालते हैं

कुछ भ्रम की स्थिति है। वे, अरविंद पांडेय और सतीश सिंह एक टीम से जीत कर आए हैं। हम मिल बैठ कर सभी समस्या का समाधान निकालते हैं। पिछले कार्यकाल में उनके नेतृत्व में सतीश सिंह ने बढ़िया काम किया था। इस कारण सबने महामंत्री बनाया था। किसी मसले पर मतभिन्नता को अन्यथा नहीं लेना चाहिए। एक टीम के नाते हम मजदूर हित में काम करते रहेंगे। आर रवि प्रसाद, अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन

यूनियन की वर्तमान टीम बहुत बढ़िया काम कर रही है। सात साल से रुके माइकल जॉन लेक्चर को चालू कराया गया। समय पर ऑफिस बेयरर्स के विभागों का बंटवारा हो गया। यूनियन के टॉप थ्री में कोई मतभेद नहीं है। अरविंद पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट, टाटा वर्कर्स यूनियन

आर रवि प्रसाद, अरविंद पांडेय और उनके बीच कोई मतभेद नहीं है। हम लोगों ने मिल कर ऑफिस बेयरर्स के बीच विभागों का वितरण किया है। आगे भी मिल कर सभी काम करेंगे तथा मजदूरों की समस्याओं का समाधान करेंगे। सतीश सिंह, महामंत्री, टाटा वर्कर्स यूनियन

खबरें और भी हैं...