पति के अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी को एक्सपायरी दवा खिलाई, टीएमएच में हंगामा
टीएमएच में इलाजरत कविता वर्मा।
आरोपी के भाई ने पूर्व सीएम के भांजे, विधायक व भाजपा महानगर अध्यक्ष से कराई केस नहीं करने के लिए पैरवी
क्राइम रिपोर्टर | जमशेदपुर
अवैध संबंध का विरोध करने पर चांडिल के आभूषण कारोबारी राकेश वर्मा ने प|ी कविता वर्मा के साथ मारपीट की। फिर एक्सपायरी दवा के साथ नशीली पदार्थ खिलाकर मारने का प्रयास किया। कविता की तबीयत बिगड़ने पर परिवार वालों के दबाव में टीएमएच पहुंचाया। वहां लगभग 10 घंटे बाद कविता को होश आया तो उसने पति की करतूत बताई। इसके बाद कविता के ससुराल व मायके पक्ष के बीच अस्पताल में शाम 6.30 बजे से रात 9.30 बजे तक इमरजेंसी से वार्ड 7बी तक हंगामा होता रहा।
कविता वर्मा ने मंगलवार देर शाम पुलिस को दिए बयान में कहा- उसके पति राकेश वर्मा का दुकान की सेल्स गर्ल से अवैध संबंध है। इसका विरोध करने पर पति ने मंगलवार की सुबह मारपीट कर जबरन एक्सपायरी दवा खिलाकर जान से मारने का प्रयास किया। टीएमएच में होश में आने पर उसने मायके वालों को पति के कारनामे बताए। मायके वाले राकेश के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने जाने लगे तो देवर (राकेश का छोटा भाई) पप्पू वर्मा जान से मारने की धमकी देने लगा। पप्पू झामुमो से जुड़ा है। उसने पूर्व मुख्यमंत्री के भांजे गणेश सोलंकी और एक भाजपा विधायक से परिजनों को फोन कराकर केस नहीं करने के लिए पैरवी कराई। परिजन नहीं माने तो भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और हंगामा किया।
नौ साल पहले भी राकेश ने दवा दी थी : जीजा
कविता के जीजा ओमप्रकाश वर्मा ने बताया- राकेश की शादी 19 साल पहले हुई थी। उसे दो बच्चे हैं। राकेश का कई लड़कियों के साथ चक्कर रहा है। उसने घर में ट्यूशन पढ़ाने वाली टीचर से भी अवैध संबंध बना लिए थे। नौ साल पहले भी राकेश ने इसी तरह कविता को मारने का प्रयास किया था। मंगलवार को घटना को अंजाम देने के बाद वह खुद कविता को अस्पताल लेकर आया। मामला ज्यादा न उछले, इसलिए राकेश के छोटे भाई पप्पू वर्मा ने नेताओं से पैरवी कराई। बात नहीं बनी तो दिनेश कुमार समेत कई लोगों को लेकर अस्पताल आया।