टीएसपीडीएल के ठेकाकर्मियों ने नहीं की ड्यूटी, बनाई रणनीति
टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीएसपीडीएल) के ठेका कर्मचारियों ने मंगलवार को ड्यूटी नहीं की। काम का बहिष्कार किया गया। ठेका मजदूरों ने कंपनी के गेट पर धरना देने के लिए रणनीति बनाई। एक-दो दिन के बाद कंपनी के बाहर आंदोलन शुरू हो जाएगा।
टाटा स्टील की सहायक कंपनी टीएसपीडीएल में 137 ठेका कर्मचारी कार्यरत हैं। सभी ठेका कर्मचारियों ने पांच मुख्य मांगों के समर्थन में मंगलवार को ए, बी, सी व जेनरल शिफ्ट में ड्यूटी नहीं की। कर्मचारियों ने पूर्व में घोषणा की थी कि प्रबंधन उनकी जायज मांगों की अनदेखी करेगा तो वे लोग बुधवार से कंपनी गेट के बाहर धरना और प्रदर्शन शुरू करेंगे। ठेका मजदूरों को सूचना मिली है कि कार्य का बहिष्कार करने के बाद प्रबंधन ने भुइयांडीह के तीन ठेका मजदूरों की कंपनी में इंट्री कराई है। मंगलवार को इन्हें आउट फील्ड में लगाया गया है। अब ठेका मजदूरों ने रणनीति बनाई है कि बुधवार से नए लोगों को कंपनी में घुसने नहीं दिया जाएगा। टीएसपीडीएल के 85 ठेका कर्मचारी मंगलवार की सुबह कांग्रेसी नेता आनंद बिहारी दुबे से मिले। आनंद बिहारी दुबे ने ठेका कर्मचारियों से साफ तौर पर कहा कि आंदोलन शुरू करने के लिए एक दिन विचार करें। प्रबंधन का रूख भी देख लिया जाए। आंदोलन शुरू करने के बाद पीछे नहीं हटने के लिए खुद को तैयार करना होगा। आनंद बिहारी दुबे से मिलने वालो में भगवान दास, नागेंद्र सिंह, दीपक कर्मकार आदि शामिल थे।