सीतारामडेरा : चोरी कर दो गैस सिलेंडर 3 हजार में बेचे, चार धराए
जमशेदपुर | भुइयांडीह छायानगर स्थित एक घर से दो एलपीजी सिलेंडर चुराने के बाद बदमाशों ने उसे मानगो में एक गैस दुकान में तीन हजार रुपए में बेच डाला। सीतारामडेरा पुलिस ने इस मामले में दुकानदार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया हैै। मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी (हेड क्वार्टर-1) केएन मिश्रा ने बताया- दो अप्रैल को छायानगर में पायल कर्मकार के घर से दो एलपीजी सिलेंडर व एलईडी टीवी की चोरी हो गई थी। चोरी बस्ती के ही टेम्पो चालक अजय कुमार, विक्की सरकार और आनंद प्रमाणिक ने की थी। बदमाशों को मालूम था कि पायल दो अप्रैल को अपने मायके परसुडीह गई हुई है। इस मौके का उन्होंने फायदा उठाया। चोरी करने के बाद उन्होंने मानगो में जय कुमार की गैस दुकान में तीन हजार रुपए में दोनों सिलेंडर बेच दी, जबकि एलईडी टीवी घर में रखा था। अजय कुमार शातिर चोर है। डेढ़ माह पूर्व ही वह चोरी और मारपीट के मामले में जमानत पर छूटा है। 2 अप्रैल को चोरी मामले में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार को गिरफ्तार किया। फिर उसकी निशानदेही पर दुकानदार समेत वारदात में शामिल उसके दोनों साथी विक्की सरकार और आनंद प्रमाणिक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।