जाकिरनगर में चोरी, मुसाबनी में लूटनेे वाले दो युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर | आजादनगर में चोरी और मुसाबनी में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के आभूषण, कपड़े व अन्य सामान बरामद किए गए है। मुसाबनी लूट की वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है। मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी प्रभात कुमार ने बताया- गिरफ्तार फिरोज उर्फ हगड़ू और सदाम खान आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती के रहने वाले हैं। वारदात में शामिल आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती के मो. अजहर ने चार दिन पहले हत्या के एक मामले में सरायकेला कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं। ये दोनों भी मुस्लिम बस्ती के रहने वाले हैं। इनमे एक का नाम रहीम है। सिटी एसपी ने बताया- गिरोह के सदस्यों ने मुसाबनी में 11 अप्रैल को लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके पहले उन्होंने 28 मार्च की रात मानगो जाकिरनगर निवासी नूर अली के घर का ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपए के गहने, कपड़े व अन्य सामान चुराए थे। मुसाबनी लूट में प्रयुक्त अपाचे मो. सद्दाम के पास से बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक व उसके गिरोह द्वारा सरायकेला और आदित्यपुर में कई वारदातों को अंजाम दिया गया है। ये लोग बाइक से रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।