बैंक से रुपए निकाल डिक्की में रखने वालों की करते थे रेकी, पेचकश से लॉक तोड़ कर निकालते थे रुपए
सिटी एसपी ने कहा- गिरोह बाइक चोरी कर नंबर प्लेट बदल उसका करता था इस्तेमाल
क्राइम रिपोर्टर | जमशेदपुर
ट्रेन में बाइक लेकर अलग-अलग शहर पहुंचकर डिक्की से रुपए गायब करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गुप्त सूचना पर चाईबासा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पी. सोनू और राजा दास ओडिशा के अस्का थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इनके पास से नकद 1.13 लाख रुपए, चार मोबाइल और दो अपाचे बाइक बरामद की गई है। मंगलवार को सिटी एसपी प्रभात कुमार ने बताया- दोनों शातिर बदमाश है गिरोह के सदस्य लोकल ट्रेन में बाइक चढ़ाकर अलग-अलग शहरों में जाते। वहां बैंकों के सामने रेकी करते। गिरोह के सदस्य बैंक से रुपए निकालकर डिक्की में रुपए रखने वाले को ही अपना शिकार बनाते थे। जब कोई व्यक्ति रुपए डिक्की में रखता तो बदमाश उसका पीछा करते। रास्ते में किसी स्थान पर रुकने पर बदमाश महज कुछ सेकेंड में स्क्रू ड्राइवर (पेचकश) से डिक्की का लॉक तोड़कर रुपए निकाल कर फरार हो जाते। गिरोह ने हाल में डिमना रोड में रिटायर बिजली कर्मी विनोद सिंह की बाइक की डिक्की से 80 हजार रुपए निकाल लिए थे। गिरोह में चार से पांच युवक हैं। सिटी एसपी ने बताया- गिरोह के सदस्य बाइक चुराने के बाद नंबर प्लेट बदलकर उसका इस्तेमाल करते थे।