सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान पद के चुनाव का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। काफी जद्दोजद्द के बाद प्रधान का चुनाव संपन्न कराने के लिए चुने गए कन्वेनर दलजीत सिंह दल्ली को भी इंदरजीत सिंह गुट के उम्मीदवार हरमिंदर सिंह मिंदी ने आड़े हाथों लिया है। बुधवार को चुनाव पर सहमति को लेकर आयोजित बैठक में हंगामा होने के बाद अब 20 मई को चुनाव होगा या नहीं इस पर निर्णय जिला प्रशासन को लेना है। दल्ली 20 मई को चुनाव कराने की तैयारी में हैं। वहीं, मिंदी समर्थकों ने वोटर लिस्ट पर आपत्ति जताते हुए जेम्को और सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा को मतदाता सूची से बाहर करने की जिद पकड़ ली है। उन्होंने कहा कि वे कन्वेनर चुनाव की 147 वोटर लिस्ट पर चुनाव के लिए तैयार हैं। हरमिंदर सिंह मिंदी ने कहा कि सीजीपीसी की चुनावी प्रक्रिया से साकची थाना प्रभारी मदन कुमार को दूर रखा जाए। जिला प्रशासन खुद हस्तक्षेप करते हुए चुनाव संपन्न कराए। रिफ्यूजी काॅलोनी गुरुद्वारा के कार्यालय में बुधवार की घटना पर निंदा व्यक्त करते हुए मिंदी बोले कि चुनाव कमेटी थाना प्रभारी की मौजूदगी में उनसे जबरन दबाव बनाते हुए वोटर लिस्ट पर हस्ताक्षर कराना चाहती थी। मैंने नहीं किया तो उनके द्वारा मेरे साथ दुर्यवहार व हाथापाई की गई। उन्होंने कहा जेम्को व सिख स्त्री सत्संग सभा को मतदान का हक नहीं, क्योंकि वहां विवाद है। मिंदी ने कहा कि 14 मतों की जीत से इनका मनोबल टूटा है। वे जानते हैं कि 147 की वोटर लिस्ट में उन्हें शिकस्त मिल सकती है।
अपना पक्ष रखते हरमिंदर सिंह मिंदी व अन्य।
मुखे बहुत कम समय में चल-अचल संपत्ति के मालिक बन गए : सिंह
प्रेस कांफ्रेस में बलदेव सिंह व सुरजीत सिंह ने भी मुखे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा मुखे बहुत कम समय में चल-अचल संपत्ति के मालिक कैसे बन गए। यह किसी से छुपी नहीं है। मानगो गुरुद्वारा के आय-व्यय की बंदरबांट और पुलिस से सांठगांठ कर वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनसे समाज का भला नहीं हो सकता।
सीजीपीसी
एसडीओ दोनों पक्षों के आरोप प्रत्यारोप का कर रहीं आकलन
गुरुवार को दोनों गुटों के नेता एसडीओ माधवी मिश्रा से मिले। एसडीओ ने सीजीपीसी के नेताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन पर किसी भी तरह का आश्वासन नहीं दिया। एसडीओ दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप का आकलन कर रही हैं। इसके आधार पर प्रशासन की अोर से शुक्रवार को निर्णायक आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है। अब प्रशासन पूरी तरह से चुनाव की प्रक्रिया को अपनी निगरानी में कराने की तैयारी कर रहा है, ताकि किसी प्रकार की समस्या नहीं हो।
2011 के चुनावी में भी वोट देने का मिला था हक : भोमा
सीजीपीसी के पूर्व महासचिव जसवंत सिंह भोमा ने कहा कि समाज में एकता लाने पर जोर दिया जाना चाहिए। 2011 में भी सीजीपीसी चुनाव के दौरान शैलेंद्र सिंह ने टुइलाडुंगरी और जुगसलाई गौरीशंकर गुरुद्वारा के वोट काट दिए थे, परंतु समाज और प्रशासन के हस्तक्षेप से उनको अधिकार दिया था। जिन गुरुद्वारों को वंचित रखा जा रहा उन्हें भी हक मिले।
इंदरजीत और हरनेक के इशारे पर मिंदी समाज की एकता भंग कर रहे : दलजीत
चुनाव कन्वेनर दलजीत सिंह दल्ली ने गुरुवार की शाम अपने कार्यालय में कहा इंदरजीत सिंह व हरनेक सिंह के इशारे पर उम्मीदवार हरमिंदर सिंह मिंदी समाज की एकता भंग करना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार की घटना से मैं आहत हूं। मैंने संगत के फैसले के बावजूद सोनारी का नाम वोटर लिस्ट में शामिल रखा, ताकि समाज में एकता बनी रहे। मिंदी नहीं चाहते कि समाज में एकता बनी रहे। पूर्व के संयोजक आजतक केवल पूर्व प्रधान इंदरजीत सिंह को लाभ पहुंचाने के लिए गुरुद्वारों में विवाद कराते आए हैं। छह सालों में वे जुगसलाई गौरीशंकर गुरुद्वारा, बिष्टुपुर के विवाद का हल नहीं कर पाए। इंदरजीत सिंह अभी भी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं। जेम्को के मामले पर खुद इंदरजीत सिंह द्वारा बनाई गई पांच सदस्यीय जांच टीम जगीर सिंह को क्लिन चीट दे चुकी है। उनके साथ हरदयाल सिंह, महेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, पूरण सिंह, सोहण सिंह भी उपस्थित थे। सोनारी गुरुद्वारा कमेटी वोटर लिस्ट में बरकरार है। जेम्को व सिख स्त्री सत्संग सभा के नौ वोट जोड़कर 156 मतदाताओं की सूची कन्वेनर ने जिला प्रशासन को सौंपी।
चुनाव कन्वेनर बोले
चुनाव की जानकारी देते दलजीत सिंह दल्ली व अन्य।
चुनाव कन्वेनर दलजीत सिंह दल्ली और हरमिंदर सिंह एसडीओ से मिले
बुधवार के विवाद को लेकर सुबह में कन्वेनर दलजीत सिंह दल्ली ने अपनी टीम के साथ पहले एसडीओ से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें जेम्को और सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा को वोटर लिस्ट में शामिल करने का दस्तावेज दिया। वहीं, हरमिंदर सिंह मिंदी समर्थकों के साथ एसडीओ से मिलने पहुंचे और बुधवार की कार्रवाई व 147 वोटर लिस्ट पर चुनाव कराने की मांग की।