जमशेदपुर | बारीडीह विजया गार्डन स्थित कम्युनिटी हॉल में सोमवार को प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की जमशेदपुर शाखा की ओर से आयोजित श्रीमद्भगवत गीता के अद्भुत रहस्य एवं तनावमुक्त अमूल्य सूत्र शिविर के दूसरे दिन मनुष्य जन्म के बारे में बताया गया। कथा वाचिका ब्रह्मकुमारी अंजू दीदी ने बताया- श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा- हे अर्जुन इस ज्ञान को सुनकर पुरुष उत्तम बनता है और स्वर्ग का राज्य भाग्य प्राप्त करेगा। संसार में दो प्रकार के मनुष्य हैं। एक है दैवीय संप्रदाय वाले और दूसरे आसुरी संप्रदाय वाले। जो दैवीय संप्रदाय वाले हैं, वे अपना सबकुछ ईश्वर पर अर्पण कर देते हैं। आसुरी संप्रदाय वाले कहते हैं- तेरा तुझको अर्पण का लागे मेरा। मंदिर से घर पहुंचते हैं तो कहते हैं मेरा तो मेरा तेरा भी मेरा।