पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सुपर डिवीजन में जमशेदपुर ने रांची को 43 रन से हराया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर विशाल सिंह के आलराउंड प्रदर्शन की बदौलत जमशेदपुर ने एचपी बोधनवाला अंतर जिला सुपर डिवीजन क्रिकेट में शुक्रवार को रांची को 43 रन से हरा दिया। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 289 रन का स्कोर खड़ा किया। विशाल सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांच चौके और चार छक्के की मदद से 118 गेंदों पर 110 रन की पारी खेली। सौरभ चंदा ने 84 गेंद खेलकर 62 रन बनाए। जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल हैं। भानू आनंद ने 44 गेंदों पर 54 रन जोड़े। जिसमे छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं। जमशेदपुर की पारी में 18 अतिरिक्त रन का भी योगदान रहा। रांची की ओर से संकट मोचन ने 55 रन देकर तीन विकेट और आशीष कुमार ने 37 रन देकर दो विकेट लिए।

मैच एक्सपोजर के लिए क्लब क्रिकेट खेलने शहर के रणजी क्रिकेटर विराट इंग्लैंड रवाना

स्पोर्ट्स रिपोर्टर जमशेदपुर

जमशेदपुर के रणजी क्रिकेटर बाएं हाथ के बल्लेबाज विराट सिंह क्लब क्रिकेट खेलने के लिए शुक्रवार को रांची व दिल्ली के रास्ते इंग्लैंड के लिए रवाना हुए। विराट इंग्लैंड में ए डिवीजन क्लब क्रिकेट में हिस्सा लेंगे। उन्हें डरहम काउंटी के ‘सीहम पार्क क्रिकेट क्लब ने चार महीने के लिए अपने से जोड़ा है। यानी विराट सितंबर की पहली सप्ताह तक इंग्लैंड के अलग-अलग मैदानों पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे। अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के रूप में तीनों ही फार्मेट में झारखंड टीम की कमान संभाल चुके विराट सिंह एक समय भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान के भी प्रबल दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन जब भारतीय टीम का चयन हुआ तो विराट को कप्तानी तो दूर टीम में भी जगह नहीं दी गई। उसी साल झारखंड के ही एक अन्य खिलाड़ी ईशान किशन को भारतीय टीम का कप्तान बना दिया गया, जो आज आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं।

2013-14 में आए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में

जूनियर क्रिकेट में जमशेदपुर (सोनारी) के विराट सिंह का प्रदर्शन शानदार रहा है। इसी के दम पर उन्हें 2013-14 में मात्र 16 वर्ष की उम्र में ही विजय हजारे ट्रॉफी वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चुनी गई झारखंड टीम में जगह मिल गई। दिसंबर 2014 में ही विराट को चयनकर्ताओं ने झारखंड रणजी टीम में भी शामिल कर दिया। तब से विराट नियमित रूप से झारखंड के लिए रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। विराट देवधर ट्रॉफी में भी ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

आईपीएल में विराट सिंह को नहीं मिली जगह

विजय हजारे ट्रॉफी वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता और मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता जैसे राष्ट्रीय टूर्नामेंट में विराट ने अपने बल्ले की चमक से सभी का ध्यान खींचने की भरपूर कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद आईपीएल की किसी टीम ने उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद विराट ने इंग्लैंड जाकर क्लब क्रिकेट खेलने का फैसला किया और इसके लिए उन्होंने डरहम काउंटी के सीहम पार्क क्रिकेट क्लब से संपर्क किया, जिसने विराट की योग्यता को स्वीकारते हुए इंग्लैंड पहुंचने का आमंत्रण दे दिया। क्लब से हरी झंडी मिलते ही शुक्रवार की रात विराट सिंह रांची व दिल्ली के रास्ते इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए।

खबरें और भी हैं...