अगली सुनवाई 14 जून को, बैंक रखेगा पक्ष
लीगल रिपोर्टर | रांची
रांची जमशेदपुर सड़क के निर्माण के लिए और 725 करोड़ रुपये की जरूरत है। एनएचएआई पैसे की मांग बोर्ड के समक्ष रखेगा इसके बाद राशि के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। काम कर रही कंपनी रांची एक्सप्रेसवे ने बताया कि पैसे की कमी, केनरा बैंक द्वारा अपना शेयर नहीं देने के कारण हुआ है। बैंक ने अपने हिस्से की 48.23 करोड़ रुपये नहीं दिए जिसके कारण जनवरी के बाद काम प्रभावित हुआ है। एनएचएआई ने बताया कि बोर्ड में पैसे की कमी की बात रखी जाएगी इसमें अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने कहा कि जमीन का अधिग्रहण हो गया है।
कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद कहा कि रांची जमशेदपुर एनएच को जल्द से जल्द पूरा करें। यह प्रोजेक्ट तीन साल पहले पूरा होना था, अभी तक केवल 50.23 प्रतिशत काम हुआ है। अब परेशानी बताई जा रही है। काम कर रही कंपनी, बैंक, एनएचएआई, राज्य सरकार सभी मिलकर समस्याओं का निदान करें। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अगली सुनवाई में कोर्ट में उपस्थित रहें।