गलत प्रिंट हुआ झामुमो का चिह्न
कपाली नगर परिषद चुनाव में उपाध्यक्ष का चुनाव रद्द किया गया। झामुमो से उपाध्यक्ष प्रत्याशी परवेज आलम उर्फ चांद के चुनाव चिह्न तीर-धनुष के बजाय ईवीएम में केवल तीर प्रिंट हुआ, धनुष गायब था। तीर जदयू का निशान है। प्रत्याशी को जानकारी मिली तो खूब हंगामा किया। फिर उपाध्यक्ष के लिए मतदान रोका गया। उपाध्यक्ष का चुनाव दोबारा होगा। तीन चरणों में तीन अफसर और दर्जनभर कर्मचारियों की नजरों से गुजरने के बावजूद ऐसी गलती को निर्वाचन आयोग ने गंभीरता से लिया है। मामला सुबह करीब 7.45 बजे प्रकाश में आया। तब तक करीब 5 फीसदी मतदान हो चुका था। कपाली बूथ संख्या-7 में झामुमो का समर्थक वोट डालने गया तो देखा पार्टी चिह्न से धनुष गायब है। उसने वोट नहीं डाला और केन्द्र में पोलिंग एजेंट से शिकायत की। परवेज आलम भी पहुंचे और निर्वाचन पदाधिकारी एसडीओ भागीरथ प्रसाद को बात बताई। पार्टी चुनाव प्रभारी पप्पू वर्मा को भी सूचना दी। वर्मा ने सरायकेला डीसी छवि रंजन से बात की। फिर डीसी ने 21 वार्डों में उपाध्यक्ष का चुनाव स्थगित किया।