पढ़ाने के बदले बीएड प्रशिक्षित को 10 हजार मिलें
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) जिला कमेटी की बैठक मंगलवार को जुबिली पार्क में हुई। इसमें छात्रवृत्ति आंदोलन की जीत की खुशी में छात्रवृत्ति प्राप्त छात्रों ने सभी को मिठाई खिलाकर आभार प्रकट किया। संगठन के प्रदेश सचिव समर महतो ने कहा कि सभी छात्र कुछ दिनों में बीएड प्रशिक्षित हो जाएंगे, लेकिन उसके बाद भी उनके पास रोजगार नहीं है।
प्रत्येक साल झारखंड में हजारों विद्यार्थी बीएड प्रशिक्षित हो रहे हैं, लेकिन रोजगार नहीं है। इन सभी विषयों पे चर्चा करते हुए आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। इसमें कुल चार प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें बीएड छात्रों का इंटर्नशिप के दौरान उचित मानदेय देने, बीएड प्रशिक्षित छात्रों को किसी भी स्कूल में पढ़ाने के बदले न्यूनतम 10,000 वेतन देने, सभी बीएड प्रशिक्षित छात्रों के लिए सरकार नौकरी की व्यवस्था करे, सरकारी स्कूल विलय की नीति तुरंत वापस लेने की मांग करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही इन्हें नहीं माने जाने की स्थिति में जोरदार प्रदर्शन व आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन के झारखंड राज्य के पूर्व अध्यक्ष पतित पावन कुइला, प्रदेश कोषाध्यक्ष सोहन महतो, उपाध्यक्ष युधिष्ठिर कुमार, राज्य कमेटी सदस्य रिंकी बंसरियार, संजय महतो, डोमन महतो, सोनी सेनगुप्ता, शताब्दी दत्ता, राजदेव सिंह, सुनील आदि उपस्थित थे।
जुबिली पार्क में बैठक करते एआईडीएसओ के सदस्य।