पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Jamshedpur
  • 77 हाई स्कूलों में लाइब्रेरी, आठ स्कूलों में क्राफ्ट व कंप्यूटर कक्ष बनाने का प्रस्ताव

77 हाई स्कूलों में लाइब्रेरी, आठ स्कूलों में क्राफ्ट व कंप्यूटर कक्ष बनाने का प्रस्ताव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर

पहली कक्षा से 12वीं तक के लिए बनाए गए समग्र शिक्षा अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम का 210 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया गया है। इसमें कई नई योजनाएं शामिल की गई हैं। 77 हाई स्कूलों में लाइब्रेरी, 8 स्कूलों में क्राफ्ट व कंप्यूटर कक्ष बनाने का प्रस्ताव है। जिला शिक्षा विभाग ने इस बजट को मंजूरी के लिए राज्य कार्यालय को सौंप दिया है।

अब वहां सभी जिलों के बजट को मिलाकर राज्य का बजट तैयार कर केन्द्रीय मानव संसाधान विभाग को भेजा जाएगा। मालूम हो कि नीति आयोग के सुझाव पर इस वर्ष से सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और शिक्षक प्रशिक्षण को मिला कर समग्र शिक्षा अभियान बनाया गया है। इसके तहत पहली बार कक्षा एक से लेकर 12वीं कक्षा के लिए संयुक्त तौर पर बजट बनाया गया है। शिक्षण प्रशिक्षण कॉलेजों के लिए भी बजट समग्र शिक्षा अभियान के तहत ही शामिल है। पहले सर्व शिक्षा अभियान के तहत पहली से 8वीं कक्षा तक का बजट तैयार होता था। इसमें अधिकतम 100 करोड़ रुपए तक का ही बजट बनता था। 8वीं से 12वीं तक का बजट रमशा के तहत मिलता था। लेकिन अब एकीकृत बजट बना है। इसके तहत आधारभूत संरचना बढ़ाने, अतिरिक्त वर्ग कक्षाएं बनाने, डायट, मिडिल और हाई स्कूलों को अपग्रेड करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।

बजट प्रस्ताव में शामिल नई योजनाएं

7 मिडिल स्कूल होंगे हाई स्कूल में अपग्रेड

समग्र शिक्षा अभियान के तहत जो बजट बनाया गया है, उसके तहत 7 मध्य विद्यालयों को हाईस्कूल में और 8 हाई स्कूलों को प्लस टू में अपग्रेड करना है। ऐसे में इसके आधारभूत संरचना के विकास पर बड़ी राशि खर्च करने का प्रस्ताव है।

स्कूल में अतिरिक्त कक्षा बनाने का प्रस्ताव

जिले के विभिन्न हाईस्कूलों में 149 अतिरिक्त वर्ग कक्ष बनाने का प्रस्ताव है। इस पर करोड़ों रुपए खर्च होने का अनुमान है। इससे संबंधित राशि का प्रावधान भी इस बजट में किया गया है। इसके अलावा प्राथमिक और मवि में 418 वर्ग कक्ष बनाने का प्रस्ताव है।

आठ स्कूलों में क्राफ्ट व कंप्यूटर कक्ष का प्रस्ताव

इसमें मुख्य फोकस स्कूलों को आधुनिक बनाने पर है। इसके तहत आधारभूत संरचना के विकास के साथ ही डिजिटल क्लास रूम, 77 हाईस्कूल में आधुनिक लाइब्रेरी व 8 उवि में क्राफ्ट और कंप्यूटर कक्ष बनाने का प्रस्ताव है।

शिक्षकों के प्रशिक्षण पर भी खर्च होगी मोटी राशि

बजट में शिक्षकों के प्रशिक्षण पर बड़ी राशि खर्च करने का प्रस्ताव दिया गया है, ताकि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलाव के अनुरूप तैयार किया जा सके। इसका मुख्य मकसद निजी स्कूलों की तरह सरकारी विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा प्रणाली लागू करना है।

वीमेंस कॉलेज : एमएड में नामांकन प्रक्रिया शुरू

ऑटोनॉमस दर्जा प्राप्त बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में एमएड में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 21 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। नामांकन के लिए मेरिट लिस्ट का प्रकाशन दो जुलाई को होगा। नामांकन की प्रक्रिया पांच जुलाई से शुरू होगी। नौ जुलाई तक पहली सूची में आने वाली छात्राओं का दाखिला होगा। जबकि 10 से 14 जुलाई तक दूसरी सूची के छात्राओं का नामांकन होगा। वहीं कक्षाएं 16 जुलाई से शुरू होंगी।

एबीएम कॉलेज में हुआ पैरेंट्स टीचर्स मीट, दिए कई सुझाव

एबीएम कॉलेज के भूगोल विभाग के तत्वावधान में बीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के साथ कॉलेज के शिक्षकों की ओर से पैरेंट्स टीचर्स मीट हुई। इसमें छात्रों की पढ़ाई लिखाई और गतिविधियों पर अभिभावकों को नजर रखने के लिए कहा गया। मौके पर प्राचार्य डॉ. मुदिता चंद्रा, भवेश, सुचिता आदि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...