जमशेदपुर | टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (एनटीटीएफ) बर्मामाइंस में चल रहे कैंपस प्लेसमेंट में टाटा स्टील ने संस्थान के छात्र शुभम कुमार सिंह को लॉक किया है। रोबोट बनाने वाली जापान की कंपनी फानुक में प्रिंस कुमार सिंह का चयन हुआ है। प्रिंस का लोकेशन बेंगलुरू होगा। इसके अलावा ऑटोमेशन कंपनी फॉक्स सोल्यूशन ने प्रशिक्षुओं को नियोजित किया है। इनके नाम गणेश कालिंदी, रवि शर्मा, विदित माथुर, जयचंद टुडू, मोहम्मद इक्तेदार नाबिल और शुभोजित भौमिक हैं। चयनित प्रशिक्षु मेकाट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच के हैं। संस्थान के प्रशिक्षुओं के प्लेसमेंट के लिए विभिन्न कंपनियों की एचआर और टेक्निकल टीम दौरा कर रही है। द्वितीय बैच के प्रशिक्षुओं का पास आउट जून में होगा। संस्थान के प्राचार्य ब्रिज किशोर सिंह ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर कैप्टन अमिताभ ने भी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं। संस्थान के प्लेसमेंट ऑफिसर शारदा जोशी ने उम्मीद जताई कि संस्थान के विद्यार्थियों का प्लेसमेंट शत-प्रतिशत रहेगा।
एनटीटीएफ बर्मामाइंस के विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट