जमशेदपुर | बागबेड़ा में रेलवे की जमीन पर बसी 13 बस्तियों में बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना के तहत जलापूर्ति संभव नहीं है। यह जानकारी पेयजल व स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता मंतोष मनी ने डीडीसी विश्वनाथ महेश्वरी को समीक्षा बैठक में दी। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में सोमवार को डीडीसी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इस इलाके में आठ बस्ती रेलवे की जमीन पर बसी हुई। रेलवे पाइप लाइन बिछाने के लिए एनओसी जारी नहीं कर रहा है, इसलिए यहां पाइप लाइन नहीं बिछाई जाएगी। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि स्लिपबैक स्कीम के तहत शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही पेयजलापूर्ति से जुड़ी बड़ी योजनाओं पर भी काम चल रहा है। डीडीसी ने पेयजल व स्वच्छता विभाग के दोनों अभियंताओं को आदेश दिया कि जलापूर्ति से जुड़ी सभी योजनाएं 15 जून के पूर्व पूरी कर ली जाए।