शब-ए-मेराज : रातभर लोगों ने की इबादत
जमशेदपुर | मेराजुन नबी (शब-ए-मेराज) के अवसर पर शनिवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रातभर जागकर अल्लाह की इबादत की। मुसलमान यह आस्था रखते हैं कि इस पवित्र रात में अल्लाह ने प्यारे नबी हजरत मोहम्मद (स अ) को पूरी कायनात का सफर कराया। नबी (स अ) के इसी आसमानी सफर को मुसलमान पवित्र मानते हैं और रात को इबादत में गुजारना पसंद करते हैं। इसी धार्मिक परंपरा के तहत मुसलमानों ने मस्जिदों और घरों में अल्लाह की इबादत की। धातकीडीह स्थित मदरसा फैजुल उलूम मक्का मस्जिद में मौलाना मंजर मोहसिन ने मेराज की कई बिंदुओं पर जानकारी दी। मानगो, आजादनगर, कपाली, जवाहरनगर, जुगसलाई, गोलमुरी, धातकीडीह समेत अनेक इलाकों में लोगों ने इबादत की।