जमशेदपुर अक्षेस : पांच रुपए जमा कर चलंत रेस्टोरेंट के लिए ले सकते हैं ट्रेड लाइसेंस
जमशेदपुर | जमशेदपुर अक्षेस ने बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी व टेल्को क्षेत्र में वाहनों पर चलंत रेस्टोरेंट मेन रोड किनारे लगाने वालों से ट्रेड लाइसेंस लेने की अपील की है। इसके लिए जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय में पांच रुपए जमा कर लाइसेंस ले सकते हैं, अथवा मासिक राशि जमा कर भी लाइसेंस ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर अक्षेस के पास चलंत रेस्टोरेंट का कोई सर्वे व आंकड़ा नहीं है। ऐसे चलंत रेस्टोरेंट के लाइसेंस की जांच अक्षेस की टीम कभी भी कर सकती है। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शनिवार को उड़नदस्ता टीम को ऐसे चलंत रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि ऐसे संचालकों को मासिक शुल्क भी अक्षेस को देना पड़ेगा, जो एक माह का लगभग दो हजार रुपए होगा, अन्यथा जुर्माना वसूला जाएगा।