पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रेलवे के नए स्मार्ट कोच देंगे होटल जैसा अहसास

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर भारतीय रेल में स्मार्ट कोच का युग जल्द शुरू होने जा रहा है। कपूरथला, पंजाब स्थित रेल कोच फैक्टरी ने देश के पहले स्मार्ट कोच का निर्माण शुरू कर दिया है। इसमें एशो-आराम की वे सभी सुविधाएं मुहैया होंगी, जो अमूमन हवाई जहाज और फाइव स्टार होटलों में हुआ करती हैं। साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रहा पहला कोच जून तक तैयार हो जाएगा। स्मार्ट कोच में कॉल बेल, वाई-फाई, एलईडी लाइट्स, आरामदायक सीट, सेंटर टेबल, मोबाइल, खिड़कियों पर कंप्यूटराइज्ड ऑटोमैटिक पर्दे लगे होंगे, जिन्हें रिमोट के जरिए उतारा-चढ़ाया जा सकेगा।

साढ़े तीन करोड़ से पहला स्मार्ट कोच कपूरथला में जून में होगा तैयार

सेंसर युक्त आधुनिक नल, हैंड ड्रायर और सोप डिस्पेंसर भी लगा होगा

स्मार्ट फोन जुड़ेगा इंटरटेनमेंट सिस्टम से

स्मार्ट कोच में प्रत्येक सीट के पीछे एलईडी स्क्रीन नहीं लगेगी, बल्कि इंटरनेट के जरिए यात्रियों के स्मार्ट फोन को ही कोच के इंटरटेनमेंट सिस्टम से जोड़ दिया जाएगा। यात्री अपनी मर्जी के मुताबिक करीब 60 तरह के कार्यक्रम देख सकेंगे।

जीपीएस से लैस होगा कोच

यह कोच ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम (जीपीएस) से लैस होगा। ट्रेन कितनी देर में पहुंचेगी, कितनी लेट चल रही है और कौन सा स्टेशन कितनी देर में आएगा, आदि जानकारी यात्री कोच में लगी स्क्रीन पर देख सकेंगे।

साउंड व डस्टप्रूफ होगा कोच

यह कोच साउंड व डस्टप्रूफ होगा। यानी इसमें न तो बाहर का शोर-शराबा सुनाई देगा और ना ही धूल अंदर आ सकेगी। कोच के दरवाजे भी ऑटोमैटिक होंगे। ट्रेन के चलते ही दरवाजे खुद-ब-खुद बंद हो जाएंगे।

डस्टबिन कचरे को कुचल देगा

ऑटोमैटिक कंपैक्ट अरेंजमेंट डस्टबिन इस कोच में ऑटोमैटिक कंपैक्ट अरेंजमेंट डस्टबिन लगेंगे, जिनकी क्षमता सामान्य से 10 गुना बढ़ जाएगी। यह डस्टबिन कचरे को खुद-ब-खुद कुचल देगा।

 स्मार्ट कोच कपूरथला में तैयार हो रहा है। कोच बबने के बाद द.पू. रेलवे को मिलेगा। झारखंड के लिए 3 नई एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए बेरमपुर कोच फैक्ट्री में बोगी बन रही है।  संजय घोष, सीपीआरओ, द.पू. रेलवे

खबरें और भी हैं...