पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Jamshedpur
  • कॉलेजों में हंगामे पर केयू सख्त, कहा छात्र नेताओं के आगे न झुकें

कॉलेजों में हंगामे पर केयू सख्त, कहा- छात्र नेताओं के आगे न झुकें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजुकेशन रिपोर्टर | जमशेदपुर

शहर के अलग-अलग कॉलेजों में आए दिन हो रहे विरोध प्रदर्शन पर कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया है। इस संबंध में प्रिंसिपल को निर्देश जारी कर विवि ने कहा कि तथाकथित छात्र नेताओं के आगे झुकने की जरूरत नहीं है। कॉलेज को जो भी फैसला लेना है वह कॉलेज कमेटी की सहमति से विश्वविद्यालय के नियमों के तहत लें। यह बात गुरुवार को वर्कर्स कॉलेज में छात्र संगठनों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद कॉलेज द्वारा विवि को पूरे घटना की जानकारी देने के बाद कही। हालांकि विवि ने यह भी कहा कि अगर छात्र संघ की कोई जायज मांग है तो उसका समाधान भी नियम के दायरे में रह कर करें। लेकिन छात्रों के अनुसार कोई फैसला न लें।

कोई छात्र कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेता है तो कॉलेज पुलिस प्रशासन का सहयोग ले और कार्रवाई करे। विवि ने कॉलेजों को अपने आंतरिक सिस्टम व छात्रों के लिए बनाए गए विभिन्न सेल को एक्टिव व मजबूत बनाने का भी निर्देश दिया है, ताकि कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अपनी शिकायत लेकर छात्र संगठनों की जगह सीधे इन सेल में पहुंचे। विवि की मानें तो इन प्रदर्शनों के माध्यम से कुछ छात्र नेता अपनी छवि चमका कर कॉलेज व विवि की छवि खराब कर हरे हैं।

अब विवाद नहीं होगा

कॉलेज में क्या करना है और क्या नहीं करना है। इसका फैसला कॉलेज कमेटी करेगी और इस कमेटी के सुझाव व छात्रों की मांग पर हमने कॉलेज में छात्र व छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन रूम की व्यवस्था कर दी है। उम्मीद है अब कोई विवाद नहीं होगा। डॉ बीएन प्रसाद, प्रिंसिपल, वर्कर्स कॉलेज

छात्रों के लिए कॉमन रूम कहां बनाया जाएगा, इसका फैसला छात्र नेता नहीं, बल्कि कॉलेज करेगा। इन मामलों में विवि प्रशासन पूरी तरह से कॉलेजों के साथ है। जहां तक विरोध प्रदर्शन की बात है तो जायज मांगों पर हम छात्रों के साथ हैं। लेकिन कोई जबरदस्ती अपना फैसला करवाना चाहेगा तो यह नहीं होगा। डॉ एके झा, प्रवक्ता, कोल्हान विश्वविद्यालय

वर्कर्स कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए कॉमन रूम अलॉट

कॉमन रूम को लेकर मानगो स्थित वर्कर्स कॉलेज में छात्र संघों के विरोध प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन रूम अलॉट कर दिया है। इसके तहत छात्राओं के लिए फर्स्ट फ्लोर स्थित एनएसएस रूम अलॉट किया गया है। जबकि छात्रों के लिए ग्राउंड फ्लोर पर नया रूम अलॉट किया है। वहीं एनएसएस के लिए लाइब्रेरी के पास नया कार्यालय आवंटित हुआ है। यह जानकारी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ बीएन प्रसाद ने शनिवार को दी। प्रिंसिपल के इस फैसले का अभाविप व एआईडीएसओ ने स्वागत किया है, जबकि छात्र आजसू ने विरोध किया और कहा कि अभाविप के इशारे पर प्रिंसिपल ने एनएसएस का रूम छात्राओं के लिए कॉमन रूम बनाया है।

गर्ल्स कॉमन रूम का ताला खोलते प्रिंसिपल।

खबरें और भी हैं...