जमशेदपुर| अनामिका कुमारी की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के बाद अपने गेंदबाजों के मिले-जुले प्रयास की बदौलत साउथ जोन ने नार्थ जोन को झारखंड अंतर जोनल अंडर-19 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मैच में 139 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। शनिवार को चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेल गए मैच में साउथ जोन ने 40 ओवर में चार विकेट पर 181 रनों का स्कोर खड़ा किया। अनामिका कुमारी ने नाबाद 71 ( नौ चौके) रन बनाए, जबकि पूजा बानरा ने 30, संध्या कुमारी ने नाबाद 21 व जया कुमारी ने 17 रनों की पारी खेली। नार्थ जोन की ओर से खुशबू पांडेय, मनीषा तिग्गा व प्रीति कुमारी ने एक-एक विकेट लिए।जवाब में नार्थ जोन की पूरी टीम 15 ओवर में 42 रनों पर धराशाई हो गई। 42 में अतिरिक्त रनों की संख्या 12 थी। पायल घोष ने सर्वाधिक 11 रन बनाए। साउथ जोन की ओर से ममता पासवान ने दो ओवर में एक मेडन के साथ एक रन खर्च करके तीन बल्लेबाजों को चलता किया, जबकि मंजू गगराई व हीना अनीस ने दो-दो सफलता अर्जित की। अनामिका को मैच के अंपायर धर्मेंद्र कुमार ने वीमेन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा।