जमशेदपुर | श्रीकृष्ण पब्लिक स्कूल (एसकेपीएस) के 12वीं कॉमर्स के 50 से अधिक विद्यार्थी आईएससी बोर्ड परीक्षा के अर्थशास्त्र विषय में फेल हो गए हैं। मामले की शिकायत करने पर स्कूल के प्रिंसिपल से कोई सहयोग नहीं मिला तो शनिवार को फेल विद्यार्थियों ने एआईडीएसओ के नेतृत्व में डीईओ राजकुमार प्रसाद सिंह से मिलकर गुहार लगाई।
विद्यार्थियों ने कहा- उन्हें 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं, लेकिन बोर्ड परीक्षा में अर्थशास्त्र में 5,12,15,23 अंक आए हैं, जो बहुत कम है। विद्यार्थियों का दावा है- उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन गलत ढंग से किया गया है अथवा स्कूल के इंटरनल मार्क्स नहीं जोड़े गए हैं। इस मामले को लेकर जब वे प्रिंसिपल के पास गए, तो उन्होंे पुन: तैयारी कर अगले साल परीक्षा देने की बात कही। विद्यार्थियों ने डीईओ से कहा- स्कूल प्रशासन इस विषय में आईएससी बोर्ड को आवेदन लिखे या आरटीआई के तहत सभी विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका दिखाई जाए। छात्रों की बात सुनने के बाद डीईओ ने 21 मई को स्कूल प्रशासन व विद्यार्थियों के साथ बैठक करने की बात कही।
कल स्कूल प्रबंधन से बात करेंगे डीईओ